सीएनएच ने उत्तर प्रदेश में अपने नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का निर्माण कार्य शुरू किया
14 नवंबर 2026, ग्रेटर नोएडा: सीएनएच ने उत्तर प्रदेश में अपने नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का निर्माण कार्य शुरू किया – कृ. वि. और निर्माण उपकरणों के क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी कम्पनी सीएनएच इंडस्ट्रियल एन.वी. ने उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में अपनी नई ग्रीन फील्ड विनिर्माण इकाई का निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू किया । इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ , सीएनएच के निदेशक मंडल की अध्यक्ष सुजैन हेवुड, कंपनी के सीईओ गेरिट मार्क्स और भारत क्षेत्र के अध्यक्ष नरिंदर मित्तल उपस्थित रहे। यह आयोजन भारत में कम्पनी की दीर्घकालिक निवेश और विकास योजनाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 100 एकड़ में फैली यह नई इकाई भारत में सीएनएच की विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करेगी और घरेलू व वैश्विक बाजारों में भारत में निर्मित ट्रैक्टरों की बढ़ती माांग को पूरा करने में मदद करेगी।

पूरी क्षमता से संचालित होने पर इस नए संयंत्र में हर साल 1 लाख ट्रैक्टरों का उत्पादन किया जा सकेगा। इससे घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में कंपनी की भविष्य की विकास योजनाओं को समर्थन मिलेगा । संयंत्र का पहला चरण 2028 के मध्य तक चालू होने की उम्मीद है। यह इकाई ग्रेटर नोएडा (ट्रैक्टर और इंजन ) तथा पुणे (बेलर, कंबाइन हार्वेस्टर और गन्ना हार्वेस्टर ) में सीएनएच की मौजूदा विनिर्माण इकाइयों की क्षमता को और बढ़ाएगी।
इस अवसर पर सीएनएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गेरिट मार्क्स ने कहा, “सीएनएच के वैश्विक विनिर्माण और प्रौद्योगिकी तंत्र में भारत की भूमिका लगातार रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होती जा रही है। यीडा में हमारी नई इकाई का निर्माण कार्य शुरू होना, भारत में विनिर्माण क्षमता का विस्तार करने और देश के साथ -साथ दुनिया भर के ग्राहकों की जरूरतें पूरी करने की हमारी क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह निवेश भारत की विनिर्माण क्षमताओं , इंजीनियरिंग प्रतिभा और दीर्घकालिक विकास की संभावनाओं में हमारे विश्वास को दर्शाता है। साथ ही, इससे सीएनएच के वैश्विक परिचालन में भारत की भूमिका और मजबूत होगी।”
सीएनएच इण्डिया क्षेत्र के अध्यक्ष नरिंदर मित्तल ने कहा , “हम भारतीय किसानों तक विश्वस्तरीय तकनीक और नवाचार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे कृषि मशीनीकरण और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिल सके । ग्रेटर नोएडा स्थित हमारे पहले ट्रैक्टर प्लांट की सफलता को आगे बढ़ाते हुए यह नया संयंत्र हमारे मौजूदा नेटवर्क को और विस्तार देगा। इसे हमारे वर्तमान प्लांट की निकटता , राज्य की बेहतरीन कनेक्टिविटी और मजबूत औद्योगिक माहौल का सीधा फायदा मिलेगा । हमें देश के औद्योगिक और आर्थिक विकास में योगदान देने के साथ -साथ घरेलू और वैश्विक बाजारों के लिए ‘मेक इन इण्डिया ‘ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने पर गर्व है।”
यह निवेश भारत को विनिर्माण , इंजीनियरिंग , प्रौद्योगिकी और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की सीएनएच की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। यीडा स्थित इस इकाई में , रोबोटिक्स स्वचालन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आधारित गुणवत्ता जाँच प्रणालियों सहित आधुनिक डिजिटल विनिर्माण तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे उत्पादन की दक्षता, सटीकता और गुणवत्ता बेहतर होगी। इसके अलावा, संयंत्र में नवीकरणीय ऊर्जा , पानी के पुनर्चक्रण , पर्यावरण अनुकूल लॉजिस्टिक्स और कचरे के पुनः उपयोग जैसी टिकाऊ प्रक्रियाएं भी अपनाई जाएंगी । इससे विनिर्माण प्रक्रिया अधिक कुशल और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनेगी। इस परियोजना से स्थानीय आपूर्तिकर्ता का आधार भी मजबूत होगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही, लॉजिस्टिक्स , सेवाओं और प्रौद्योगिकी से जुड़े क्षेत्रों में भी नए अवसर विकसित होंगे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


