संपादकीय (Editorial)

खेती-किसानी छोड़ आंदोलन की तैयारी में किसान

  • डॉ. सन्तोष पाटीदार

3 अक्टूबर 2022, भोपालखेती-किसानी छोड़ आंदोलन की तैयारी में किसान – पिछले साल राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर सालभर से ज्यादा धरना-रत रहे किसानों ने सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में अब एक फिर आंदोलन का मन बनाया है। इसमें सत्तारूढ़ ‘भाजपा’ से जुड़े ‘भारतीय किसान संघ’ ने अगुआई का तय किया है। क्या ऐसे में सरकार किसानों की सुनेगी? क्या इस बार किसानों की मांगें पूरी हो सकेंगी?

यह अटल सत्य है कि इस देश में खेती-किसानी छोड़ आंदोलन के लिए मजबूर होना ही किसानों की नियति है। सरकार फिरंगियों की हो या आजादी के बाद की, किसानों के शोषण का इतिहास आज भी दोहराया जा रहा है। पिछले साल एक बरस के किसान आंदोलन के बाद लगता है कि तमाम सरकारी वादे-दावे परम्परागत रस्म-अदायगी का हिस्सा ही थे। ऐसा नहीं है तो क्या कारण है कि ‘भारतीय किसान संघ’ को अपनी ही सरकार से खेती-किसानी की बेहतरी की मांगों को मनवाने के लिए आंदोलन का फैसला करना पड़े? ‘भारतीय किसान संघ’ इस समय मध्यप्रदेश व देशव्यापी आंदोलन के लिए फिर कमर कस रहा है। किसानों के हित में क्रांतिकारी फैसले लेने के लिए सरकार को मजबूर करने व हर दिन बढ़ रहे कृषि-भूमि अधिग्रहण से किसानों को निजात दिलाने का आंदोलन के सिवा और कोई चारा नहीं है। भाजपा शासित सरकारों के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक क्या हो सकता है।

Advertisement
Advertisement

मध्यप्रदेश की करीब 20 बरस पुरानी भाजपा सरकार के कृषि विभाग में भ्रष्टाचार व मंडियों में हर दिन किसानों से ठगी, ‘भूमि अधिग्रहण कानून’ में प्रदेश सरकार द्वारा मनमाने बदलाव ऐसे कई उदाहरण हैं। यही आलम वैश्विक कारपोरेट घरानों जैसी चमक-दमक वाले केंद्रीय कृषि मंत्रालय का भी है। यही वजह है कि तीन माह बाद दिसंबर में ‘भारतीय किसान संघ’ सडक़ों पर उतरने की तैयारी कर रहा है। दिल्ली में देशभर से किसान जुटेंगे।

केंद्र व राज्यों की सरकारों के किसान हित के लाख दावों के बाद भी खेती व किसानों को कोई आर्थिक लाभ नहीं हो रहा है। इसके लिए किसान भी एक हद तक जिम्मेदार हैं। किसान एक ही फ़सल बड़े इलाके में लेने लगते हैं। इससे ज्यादा पैदावार होती है व भाव नहीं मिलते। मध्यप्रदेश  में लहसुन-प्याज़ की फसल के दाम दो रुपये किलो भी नहीं मिल रहे हैं। गत वर्ष मूंग की यह स्थिति थी। फसल फेंकने की नौबत आ जाती है।

Advertisement8
Advertisement

राजनीतिक दबाव से मूंग की बिक्री ‘न्यूनतम समर्थन मूल्य’ तय करवाकर सरकार से खरीदी कराई। लहसुन-प्याज को लेकर यही स्थिति बन रही है। ‘भावान्तर’ बतौर मुवावजे के मांगा जा रहा है, क्योंकि जिस दाम पर फसल बिक़ती है उसका चार से पांच गुणा लागत खर्च है।

Advertisement8
Advertisement

ऐसी तमाम विसंगतियों को लेकर करीब दो बरस पहले दिल्ली में पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, राजस्थान, हिमाचल आदि राज्यों के किसानों ने आंदोलन किया था। यह आंदोलन यहाँ-वहां भटकते व तरह-तरह की साजिशों, राजनीति और अलगाववाद का शिकार होकर केंद्र के तीन कानूनों को वापस लेने व ‘एमएसपी’ पर जाकर ठहर गया था और नवंबर 2021 में सरकार ने दिल पर पत्थर रखकर आंदोलन की बात मान ली थी।

केन्द्र सरकार ने अपने तीन कानून वापस ले लिये। अधिकतम समर्थन मूल्य व स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक ‘सी 2’ को लागू करने का वादा हुआ। इस काम के लिए एक कमेटी बनाई गई। इस समय यह कमेटी अलग-अलग किसान संगठनों से चर्चा कर रही है, लेकिन सरकारी रुख देखकर अनुमान यह है कि किसान जैसा चाहते हैं, वैसा होना नहीं है। उल्लेखनीय है कि ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ’ के अनुषांगिक संगठन ‘भारतीय किसान संघ’ ने सरकार के तीन नए खेती क़ानून का अध्ययन व फिर पूरे देश में किसानों से संवाद करके जरूरी बड़े सुझावों के साथ लाभकारी मूल्य का फार्मूला सरकार को प्रस्तुत किया था। 

जैविक खेती’ के अध्यक्ष आंनद सिंह पंवार कहते हैं ‘स्वामीनाथन रिपोर्ट’ के ‘सी 2’ फार्मूले को लागू करें, ताकि किसानों को लाभदायक मूल्य मिल सके। जमीन अधिग्रहण में भी सरकार ने मनमाने बदलाव किये हैं जो किसान विरोधी हैं। मध्यप्रदेश में किसान से सरकार सीधे गाईड लाइन पर जमीन ले लेगी व किसान अदालत में भी नहीं जा सकता, ऐसा काला कानून आज तक रदद नहीं किया गया है। ‘केंद्रीय भूमि अधिग्रहण कानून’ के विपरीत मुआवजा भी आधा कर दिया है।

ऐसे कई जरूरी गम्भीर विषय हैं जिन पर सरकार का रुख उदासीन है। इस कारण दिल्ली में अखिल भारतीय स्तर पर आंदोलन की तैयारी की जा रही है। क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी कहते हैं कि दिसम्बर माह में दिल्ली में आंदोलन होगा। पिछले दिनों इंदौर के समीप राऊ में तीन दिन की संगठन की बैठक में इस बारे में राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने चर्चा की है।     

(सप्रेस)

Advertisement8
Advertisement

महत्वपूर्ण खबर:चंबल संभाग से मानसून की विदाई, कई संभागों में मौसम शुष्क

Advertisements
Advertisement5
Advertisement