फसल की खेती (Crop Cultivation)

ICAR Advisory: डायरेक्ट सीडेड धान में कब और कैसे करें खरपतवार नियंत्रण? जानिए पूरी गाइड

31 जुलाई 2026, नई दिल्ली: ICAR Advisory: डायरेक्ट सीडेड धान में कब और कैसे करें खरपतवार नियंत्रण? जानिए पूरी गाइड – भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के सेंट्रल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट (CRRI), कटक ने “कृषि परामर्श सेवा (Agro-Advisory Service): जुलाई 2026 के दूसरे पखवाड़े के लिए कृषि सलाह” जारी की है। इसमें डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) की खेती करने वाले किसानों के लिए खरपतवार प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण सिफारिशें दी गई हैं। एडवाइजरी में अपलैंड (ऊपरी भूमि) और लो-लैंड (निचली भूमि) में डायरेक्ट सीडेड धान की फसल के लिए अलग-अलग खरपतवार नियंत्रण उपाय और पोषक तत्व प्रबंधन की सलाह दी गई है।

अपलैंड (ऊपरी भूमि) DSR के लिए सलाह

आईसीएआर-सीआरआरआई के अनुसार, डायरेक्ट सीडेड अपलैंड धान में खरपतवार नियंत्रण के लिए बिसपाइरिबैक सोडियम 10% SC का 120 मिलीलीटर प्रति एकड़ 16 लीटर क्षमता वाले स्प्रेयर के 8 टैंक पानी में घोलकर खरपतवार निकलने के 8-10 दिन बाद या 2-3 पत्ती अवस्था में छिड़काव करें। वैकल्पिक रूप से, फेनोक्साप्रॉप-पी-एथाइल 9 EC का 260 मिलीलीटर प्रति एकड़ बुवाई के 20 दिन बाद (DAS) नमी वाली मिट्टी में छिड़काव किया जा सकता है। जिन अपलैंड क्षेत्रों में खरपतवारनाशी का उपयोग नहीं किया गया है, वहां पहली हाथ से निराई या फिंगर वीडर/व्हील हो से यांत्रिक निराई करने की सलाह दी गई है। इसके बाद 26 किलोग्राम यूरिया प्रति एकड़ टॉप ड्रेसिंग के रूप में देने की सिफारिश की गई है।

लो-लैंड (निचली भूमि) DSR के लिए सलाह

लो-लैंड डायरेक्ट सीडेड धान में भी बिसपाइरिबैक सोडियम 10% SC का 120 मिलीलीटर प्रति एकड़ 16 लीटर क्षमता वाले स्प्रेयर के 8 टैंक पानी में घोलकर खरपतवार निकलने के 8-10 दिन बाद या 2-3 पत्ती अवस्था में छिड़काव करने की सलाह दी गई है। वैकल्पिक रूप से, 15-20 DAS पर नमी वाली मिट्टी में फेनोक्साप्रॉप-पी-एथाइल (Rice Star) 260 ग्राम + एथोक्सीसल्फ्यूरॉन 50 ग्राम प्रति एकड़ का टैंक मिक्स उपयोग किया जा सकता है।

एडवाइजरी में कहा गया है कि अर्ध-गहरे/गहरे पानी वाले क्षेत्रों में, जहां डायरेक्ट सीडिंग की गई है और खरपतवारनाशी का उपयोग नहीं किया गया है, वहां खेत में कम से कम 7-10 सेमी पानी जमा होने के बाद ‘ब्यूसेनिंग (Beushening)’ करें। इसके बाद 18 किलोग्राम यूरिया प्रति एकड़ टॉप ड्रेसिंग करें। वहीं, वर्षा आधारित उथली निचली भूमि में भी यदि खरपतवारनाशी का उपयोग नहीं किया गया है, तो 7-10 सेमी पानी जमा होने पर ब्यूसेनिंग करने और इसके बाद 36 किलोग्राम यूरिया प्रति एकड़ टॉप ड्रेसिंग करने की सलाह दी गई है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture