पशुपालन (Animal Husbandry)

पशुओं के हरे चारे के लिए नेपियर हाइब्रिड बाजरा लगायें

8 जुलाई 2022, टीकमगढ़: पशुओं के हरे चारे के लिए नेपियर हाइब्रिड बाजरा लगायें  – कृषि विज्ञान केंद्र टीकमगढ़ के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. बी.एस. किरार, डॉ. आर.के. प्रजापति, डॉ. एस.के. सिंह एवं जयपाल छिगारहा द्वारा बताया गया कि पशुओं के लिए बहुवर्षीय नेपियर हाइब्रिड बाजरा लगाने से पशुओं को वर्ष भर हरा चारा मिलेगा। इस घास को किसी भी प्रकार की मिट्टी एवं जलवायु में उगाया जा सकता है। जिन किसानों के पास सिंचाई साधन है वह वर्षभर पशुओं के लिए पौष्टिक हरा चारा प्राप्त कर सकते हैं। इसकी उन्नत किस्में सी.ओ.-4 एवं सी.ओ.-5 ज्यादा उपयोगी हैं। इसे खरीफ एवं रबी मौसम में लगा सकते हैं लेकिन इसे लगाने का उपयुक्त समय जून के अंतिम सप्ताह से जुलाई माह है। इसे उगाने के लिए इसका तना या रूट स्लिपस काम में ली जाती है। एकल फसल के लिए इसकी 1×1 मी. की दूरी पर कटिंग लगाई जाती है। इस प्रकार एक एकड़ में 4000 रूट स्लिपस (कटिंग) लगाई जाती हैं। यह हाई न्यूट्रिटिव वैल्यू की वजह से व्यापक रूप से हरा चारा के रूप में पसंद किया जा रहा है। इसमें क्रूड प्रोटीन 14-15% है और शुष्क पदार्थ 22% है। इस घास की एक वर्ष में 6 कटाई की जाती है। इस घास की पाचन क्षमता 60% के करीब है। यह चारा दुधारू पशुओं के लिए काफी लाभदायक है। पहली कटाई बुवाई या कटिंग लगाने के 50 दिन बाद, उसके बाद जब फसल की ऊंचाई एक मीटर हो जाए उस समय कटाई कर लेना चाहिए। किसी भी स्थिति में चारा को 2 मी. से ज्यादा नहीं बढ़ने देना चाहिए। जो किसान नेपियर हाइब्रिड बाजरा लगाना चाहते हैं वह किसान रूट स्लिप्स (कटिंग) हेतु कृषि विज्ञान केंद्र, कुण्डेश्वर रोड, टीकमगढ़ में सम्पर्क कर एक रुपये प्रति रूट स्लिप्स प्राप्त कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण खबर: भारी बारिश में सोयाबीन किसान क्या करें

Advertisements