Uncategorized

जल विद्युत परियोजनाओं से जैव विविधता का विनाश

Share

विश्व की तीन सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण उष्णकटिबन्धीय नदियों- अमेजन, कांगों एवं मेकांग पर पिछले वर्षों में जलविद्युत हेतु बाँधों के निर्माण में असाधारण तेजी आई है। विश्व के विभिन्न विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों एवं संरक्षण संस्थानों के तीन दर्जन से ज्यादा वैज्ञानिकों की एक रिपोर्ट ‘साइंस नामक पत्रिका में छपी है। इसके अनुसार इन परियोजनाओं से जैवविविधता, जिसमें विश्व की एक तिहाई ताजा जल में विचरण करने वाली मछलियों आदि की प्रजातियाँ शामिल हैं, को गम्भीर खतरा पैदा हो गया है।

लेखकों का कहना है इन जलविद्युत परियोजनाओं से लम्बी अवधि में पडऩे वाली प्रभावों का शायद ही कभी ठीक से आकलन किया गया है। अतएव उन्होंने माँग की है कि इन बाँधों की पूर्ण लागत का आकलन करते हुए अधिक पारदर्शी योजना बनाना जरूरी है। इसके अभाव में इन परियोजनाओं की वजह से अनेक प्रजातियाँ न केवल विलुप्त होगी बल्कि मछलियों और अन्य ‘पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं में तेज गिरावट आएगी।
इन नदियों पर वर्तमान में स्थित 830 बाँधों में से अधिकांश तुलनात्मक रूप से छोटे हैं। परन्तु अमेजन, कांगो एवं मेकांग पर प्रस्तावित 450 नए बाँधों में से 75 प्रतिशत सिर्फ अमेजन पर ही स्थित हैं। दस्तावेज के अनुसार सामान्यतया बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं के वास्ताविक लाभ एवं लागत के आकलन में हमें असफलता ही हाथ लगी है, इसकी वजह से लागत में वृद्धि हुई है एवं पर्यावरण एवं सामाजिक लागतों को कम करके आँका गया है।
यह लागत बहुत अधिक हो सकती है क्योंकि जैवविविधता पर पडऩे वाली मार एवं मछलियों की आबादी में कमी से मछली पालन पर निर्भर समुदाय की खाद्य सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी। इस दस्तावेज के मुख्य लेखक किर्क वाईन मिलर जो कि टेक्सास ए एण्ड एम विश्वविद्यालय के वन्यजीवन एवं मछली पालन विज्ञान विभाग में प्रोफेसर हैं, का कहना है कि इन तीन उष्णकटिबन्धीय नदी बेसिन में विश्व की जैवविविधता का बड़ा भण्डार है जिसमें विश्व की एक तिहाई ताजा जल में विचरण करने वाली मछलियाँ शामिल हैं।
उनका यह भी कहना है कि इन नदियों के उप बेसिन एवं सहायक नदियों में ऐसी अनूठी प्रजातियाँ मिलती हैं जो कि अन्यत्र दिखाई नहीं पड़तीं। उदाहरणार्थ ब्राजील स्थित शिंगु नदी जो कि अमेजन की मुख्य सहायक नदी है, में मछलियों की चार दर्जन ऐसी प्रजातियाँ पाई जाती हैं जो अन्य कहीं नहीं मिलतीं। इसके अलावा अमेजन बेसिन में 1500 के करीब स्थानीय प्रजातियाँ पाई जाती हैं।
शोध पत्र के अनुसार ब्राजील का महाकाय बेलो मोंटे बाँध जो कि इसी वर्ष पूर्ण होगा “जैवविविधता विनाश का रिकार्ड बना सकता है। क्योंकि वह ऐसे स्थान पर स्थित है जहाँ पर स्थानीय प्रजातियों की भरमार है। वाईन मिलर का कहना है, “यह विवादास्पद परियोजना अब पूर्ण होने के कगार पर है और यह नदी की पारिस्थितिकी और देशज समुदाय खासकर उनके, जो कि नदी के पारिस्थितिकी तंत्र पर निर्भर हैं, जीवन में आमूलचूल परिवर्तन कर डालेगी। अमेजन नदी पर पहले से परिचालित एवं निर्माणाधीन बाँधों के अलावा 334 नए बाँधों का निर्माण प्रस्तावित है।
मेकांग नदी बेसिन जिसमें की भारी संख्या (तकरीबन 370) में बाँधों का निर्माण हो चुका है, पर तकरीबन 100 नए बाँध बनाने की योजना है। इस नदी की मुख्यधारा पर तकरीबन एक दर्जन बाँधों का निर्माण प्रस्तावित है। निचली मेकांग नदी बेसिन जो कि वर्तमान में अन्तरदेशीय मछली पालन का महत्त्वपूर्ण केन्द्र है, में हालिया अनुमान के अनुसार करीब 17 अरब डॉलर प्रतिवर्ष का व्यापार होता है।
मेकांग पर बाँध निर्माण योजना की वजह से घुमन्तू मछलियों के आवागमन में बाधा पड़ेगी, जिससे उसके प्रजनन एवं रहवास पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। इतना ही नहीं मछली पालन पर निर्भर कम्बोडिया, लाओस, थाइलैंड एवं वियतनाम के तीस लाख लोगों की जीविका भी बाँध के कारण प्रभावित होगी। मेकांग नदी बेसिन में रहने वाले 6 करोड़ से ज्यादा लोग किसी-न-किसी रूप में इसी नदी पर निर्भर हैं।
यह एक जाना-माना तथ्य है कि बाँध मछलियों के आवागमन में बाधा डालते हैं एवं नदी की जलीय संरचना को तहस-नहस कर देते हैं। इसके परिणामस्वरूप नदी का पारिस्थितिकीय सन्तुलन बिगड़ता है और मछलियों एवं अन्य जलीय प्रजातियों के प्रजनन एवं रहवास पर खतरा पैदा हो जाता है। परन्तु इस सबकी गणना ठीक प्रकार से नहीं होती। इंटरनेशनल रिवर्स के निदेशक पीटर बोस्शार्ड का कहना है कि हमारे पास परियोजना विशेष को लेकर तमाम सारे सबूत हैं, लेकिन इसका वैश्विक आकलन जैसा कि इन तीन नदी बेसिन का इस शोध में किया जाता है, दुर्लभ है। इन मुद्दों पर वैज्ञानिक शोध करने के लिये बहुत धन भी उपलब्ध नहीं है। जबकि आवश्यकता इस बात की है कि बाँध का निर्माण प्रारम्भ होने में पहले इसे पूरा कर लिया जाये, पर अक्सर यह नहीं होता। जब तक यह आकलन पूरा होता है तब तक करोड़ों डॉलर खर्च किये जा चुके होते हैं या नदियों का रुख मोड़ा जा चुका होता है।
उस समय पर किसी परियोजना को रोक पाना असम्भव हो जाता है। इतना ही नहीं तमाम परियोजनाओं में ऐसा आकलन किसी तृतीय पक्ष द्वारा नहीं बल्कि बाँध बनाने वाली कम्पनी द्वारा नियुक्त किसी व्यक्ति द्वारा किया जाता है।
विश्व बैंक जो कि विश्व भर में अनेक बाँध निर्माण परियोजनाओं को वित्तीय मदद प्रदान करती है अभी तक इस दस्तावेज पर मौन है। और इसके जवाब में उसने जलविद्युत पर विश्व बैंक की सन 2014 की एक रिपोर्ट को संक्षेप में प्रकाशित कर दिया। इसमें कहा गया है, अनेक विकासशील देशों में जलविद्युत उत्पादन बिजली प्रदान करने का सबसे सस्ता साधन है। इससे कई स्थानों पर स्थानीय गरीबी समाप्त हुई है और खाद्य सुरक्षा की स्थिति बेहतर हुई है। इसके अलावा रिपोर्ट बताती है कि हालांकि जलविद्युत से कुछ महत्त्वपूर्ण खतरे भी हैं। अतएव पिछले दशक में इनसे निपटने का दबाव बढ़ता ही जा रहा है।
‘साइंस पत्रिका के इस दस्तावेज में उल्लेख किया गया है कि परियोजना की अनुमति और वित्त प्रदान करते समय जोखिमों का आकलन करने में अक्सर चूक हो जाती है। इसके अनुसार जो भी संस्थान जलविद्युत विकास की अनुमति देता है या वित्त प्रदान करता है, को बेसिन स्तर का आकलन इस तरह करवाना चाहिए जिससे कि संचित प्रभावों, जिसमे जलवायु परिवर्तन भी शामिल है, की गणना सम्भव हो सके।

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *