Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

‘आप अकेले नहीं हैं’: अरुणाचल के बाढ़ पीड़ितों से मिले शिवराज सिंह चौहान, हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा  

02 जुलाई 2026, नई दिल्ली: ‘आप अकेले नहीं हैं’: अरुणाचल के बाढ़ पीड़ितों से मिले शिवराज सिंह चौहान, हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा – अरुणाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

हवाई और जमीनी सर्वे कर लिया हालात का जायजा

शिवराज सिंह चौहान ने केयी पान्योर जिले सहित कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से गांवों में पहुंचे और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने राहत शिविरों और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का भी निरीक्षण किया।

‘दुःख बांटने से ही कम होता है’

बाढ़ पीड़ितों से बातचीत के दौरान शिवराज सिंह चौहान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि “दुःख बांटने से ही कम होता है और संकट की घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना ही जीवन की सार्थकता है।” विशेष रूप से महिलाओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “आप अकेले नहीं हैं। केंद्र और राज्य सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।”

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

जिनके घर बह गए, उनके लिए बनेंगे नए मकान

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा। जिन परिवारों के घर बाढ़ में बह गए हैं, उनके लिए नए मकानों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा खेतों में हुए नुकसान, फसलों की बर्बादी और पशुधन की क्षति का भी आकलन किया जाएगा तथा नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में राशन और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी लगातार रख रहे हैं नजर

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं अरुणाचल प्रदेश की स्थिति को लेकर चिंतित हैं और उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार की टीम राज्य सरकार के साथ मिलकर राहत और पुनर्वास कार्यों में लगातार जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और नदी के पानी को गांव में दोबारा प्रवेश करने से रोकने के लिए बनाई जा रही सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर इस कार्य में हाथ भी बंटाया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है, लेकिन सबसे प्रेरणादायक बात यह है कि स्थानीय समुदाय ने सरकार का इंतजार किए बिना खुद आगे आकर समाधान की दिशा में काम शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों ने बिना किसी औपचारिक स्वीकृति का इंतजार किए प्रोटेक्शन वॉल बनाने का काम शुरू किया, जो समाज की एकजुटता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि यदि समाज इसी तरह जागरूक और सक्रिय होकर आगे आए तो कई बड़े कार्य आसानी से पूरे किए जा सकते हैं। सरकार भी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाएगी और राहत व पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।

जनजीवन जल्द सामान्य बनाने पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार पूरी तत्परता से काम कर रही है। केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द जनजीवन सामान्य हो सके।

राज्यपाल से की मुलाकात

इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने ईटानगर स्थित लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बाढ़ राहत और पुनर्वास कार्यों को लेकर चर्चा हुई।

दौरे के अंत में शिवराज सिंह चौहान ने विश्वास जताया कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से अरुणाचल प्रदेश इस संकट से जल्द उबर जाएगा। उन्होंने कहा, “हम सब मिलकर इस कठिन समय को पार करेंगे, अरुणाचल फिर मुस्कुराएगा।”

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture