राज्य कृषि समाचार (State News)

इलेक्ट्रिक रीपर मशीन से गेहूं कटाई हुई आसान, सिर्फ 10 रुपये के खर्च में एक एकड़ फसल की कटाई संभव  

05 अप्रैल 2026, भोपाल: इलेक्ट्रिक रीपर मशीन से गेहूं कटाई हुई आसान, सिर्फ 10 रुपये के खर्च में एक एकड़ फसल की कटाई संभव – मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के ग्राम खजरी खरिया में शनिवार को किसानों के समक्ष इलेक्ट्रिक रीपर मशीन से गेहूँ की कटाई का प्रदर्शन किया गया। फसलों की कटाई को आसान और किफायती बनाने के लिए डिजाइन की गई इस मशीन के प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

उन्होंने खुद इस मशीन को चलाकर देखा और किसानों से चर्चा की। श्री सिंह ने किसानों को कृषि में आधुनिक तकनीकों कज़ इसका इस्तेमाल करने के आग्रह किया, ताकि लागत कम कर उत्पादन को बढ़ाया जा सके। इलेक्ट्रिक रीपर से गेहूँ की फसल कटाई का प्रदर्शन कृषक सचिन पटेल के खेत मे किया गया।

सिर्फ 1 घंटे में एक एकड़ फसल की कटाई

नई तकनीक से फसल कटाई के प्रदर्शन के अवसर पर उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम, एसडीएम जबलपुर अभिषेक सिंह, प्रोफेसर मोनी थॉमस भी उपस्थित थे। प्रदर्शन के दौरान बताया गया कि पूरी तरह बैटरी और मोटर से संचालित इलेक्ट्रिक रीपर मशीन से एक एकड़ में फसल की कटाई का खर्च मात्र 10 रुपये आता है और एक घण्टे में लगभग एक एकड़ में फसल की कटाई कर सकती है।

किसानों के लिये किफायती साबित होने वाली यह मशीन चना से लेकर मक्का जैसी छोटी और बड़ी दोनों तरह की फसलों की कटाई करने में सक्षम है। इलेक्ट्रिक रीपर मशीन एक इंच से ऊपर से फसल की कटाई कर सकती है और एक बार चार्ज होने पर लगभग 5 से 6 घंटे तक कार्य कर सकती है।  इसकी बैटरी लगभग 5 घंटे में पूरी चार्ज हो जाती है।

इलेक्ट्रिक रीपर मशीन की कीमत

इलेक्ट्रिक रीपर मशीन की बैटरी रिमूवेबल होती है, जिससे इसके उपयोग में आसानी होती है। चार फीट चौड़ाई और बीस दांतों वाली लगभग 180 किलोग्राम वजन की इस मशीन की लागत 2 लाख 20 हजार रुपये है। मशीन में कटर को चालू करने या बंद करने, स्पीड एडजस्ट करने और मशीन को आगे या पीछे करने के लिए बटन और लीवर दिये गये हैं। इसके फलस्वरूप इसका संचालन बेहद आसान होता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements