Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड की प्रगामी रैंकिंग में विदिशा जिला प्रदेश में प्रथम

22 सितंबर 2026, विदिशा: मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैशबोर्ड की प्रगामी रैंकिंग में विदिशा जिला प्रदेश में प्रथम – मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैश बोर्ड के अंतर्गत माह अगस्त 2026 की जारी प्रगामी रैंकिंग में विदिशा जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले को 42.95 स्कोर के साथ प्रथम रैंक प्राप्त हुई है। राज्य के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जारी रैंकिंग में यह उपलब्धि किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग और निर्धारित प्रदर्शन सूचकांकों (KPIs) में जिले की प्रगति को दर्शाती है।

किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों के कल्याण के लिए राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री किसान कल्याण डैश बोर्ड’ तैयार किया गया है। इसमें किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग सहित उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य विकास, मछुआ कल्याण तथा सहकारिता विभाग से संबंधित विभिन्न KPIs (Key Performance Indicators) निर्धारित किए गए हैं।

इन निर्धारित सूचकांकों में जिलों द्वारा अर्जित प्रगति की ऑनलाइन प्रविष्टि एवं विभागाध्यक्ष स्तर से सत्यापित जानकारी के आधार पर मध्य प्रदेश स्टेट एजेंसी फॉर पब्लिक सर्विसेज (MPSAPS), भोपाल द्वारा माह अगस्त 2026 की जिलेवार प्रगामी रैंकिंग जारी की गई। रैंकिंग में विदिशा जिले ने 42.95 जिला स्कोर प्राप्त कर #1 रैंक हासिल की है। यह उपलब्धि जिले में किसानों से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय, मैदानी स्तर पर योजनाओं की प्रगति की सतत निगरानी तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती है।

मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत पात्र भूमिधारी कृषकों को राज्य शासन द्वारा वर्ष में कुल 6 हजार रुपये की सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य कृषि को लाभ का धंधा बनाने की दिशा में किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना, कृषि में उन्नत तकनीक को प्रोत्साहित करना तथा कृषकों की आय में वृद्धि करना है।  जिले की इस उपलब्धि पर कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े विभागों के मैदानी अमले की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। डैशबोर्ड में निर्धारित विभिन्न मानकों पर निरंतर कार्य करते हुए प्रगति दर्ज कराने से विदिशा जिले को प्रदेश की प्रगामी रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उल्लेखनीय है कि जारी शासकीय रैंकिंग में शीर्ष 10 जिलों की सूची में विदिशा 42.95 स्कोर के साथ प्रथम स्थान पर दर्ज है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture