विदिशा: कृषि रथ – हर पंचायत तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
13 जनवरी 2026, विदिशा: विदिशा: कृषि रथ – हर पंचायत तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी – राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा रविवार को जंबूरी मैदान, भोपाल में किया गया। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विदिशा जिले से किसानों की बड़ी सहभागिता रही।
जिले के उप संचालक कृषि श्री के.एस. खपेडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर विदिशा जिले से 100 बसों की व्यवस्था की गई, जिनके माध्यम से 4270 कृषकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।कृषि वर्ष 2026 के शुभारंभ के साथ ही आज 11 जनवरी से जिले के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक कृषि रथ का संचालन भी प्रारंभ किया गया। इसी क्रम में आज ग्राम ढोलखेड़ी से माननीय विधायक श्री मुकेश टंडन जी द्वारा कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कृषि रथ शुभारंभ अवसर पर विदिशा जनपद पंचायत के अध्यक्ष श्री वीर सिंह रघुवंशी (कक्का) जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर शर्मा, उप संचालक कृषि श्री के.एस. खपेडिया, सहायक संचालक उद्यान श्री एस.एल. सोलंकी, सहायक संचालक कृषि श्रीमती अविना सिंह परिहार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री अशोक सिंह कौरव, जिला सलाहकार श्री डी.के. तिवारी, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विदिशा श्री विशाल यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही खाद, बीज एवं कीटनाशक दवा विक्रेता तथा ग्राम ढोलखेड़ी एवं इमलिया के कृषक भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
विदिशा जिले के प्रत्येक विकासखंड अंतर्गत निर्धारित ग्राम पंचायतों में कृषि रथ का नियमित भ्रमण किया जाएगा। प्रतिदिन ग्राम पंचायत स्तर पर कृषि रथ के माध्यम से कृषि एवं संबद्ध विभागों जैसे पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन आदि से संबंधित योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाएगी। इस दौरान किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर नवीन एवं वैज्ञानिक तकनीकी सुधारों की जानकारी दी जाएगी। कृषि रथ के माध्यम से जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण, विभागीय कृषि योजनाओं का प्रचार-प्रसार, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था तथा पराली प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
ग्राम ढोलखेड़ी से शुभारंभ के पश्चात कृषि रथ ग्राम इमलिया लश्करपुर पहुंचा, जहां उपस्थित कृषकों के साथ नई ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं पर चर्चा की गई। किसानों ने योजनाओं में गहरी रुचि दिखाई और अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। कृषि रथ अभियान के माध्यम से जिले के किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं लाभकारी खेती की दिशा में प्रेरित कर किसान कल्याण वर्ष 2026 को सार्थक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

