Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

केंद्रीय संचार मंत्री श्री सिंधिया ने उज्जैन में ग्रामीण डाक सेवकों का किया सम्मान

28 फरवरी 2026, इंदौरकेंद्रीय संचार मंत्री श्री सिंधिया ने उज्जैन में ग्रामीण डाक सेवकों का किया सम्मान – केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज मंगलवार को उज्जैन में ग्रामीण डाक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों को सम्मानित किया और भारतीय डाक की बदलती भूमिका तथा भविष्य की दिशा पर विस्तार से प्रकाश डाला। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए डाक सेवकों की उपस्थिति ने इसे एक प्रेरक और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना से ओतप्रोत रहा। सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री ने AI Impact Summit में किए गए प्रदर्शन के लिए कांग्रेस पर भी सीधा निशाना साधा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी उपस्थित रहे।

जब डाकिया चलता है तो देश चलता है:  केन्द्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने कहा कि डाक सेवक केवल चिट्ठियाँ नहीं पहुँचाते, बल्कि वे राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी और ग्रामीण भारत के भरोसे का जीवंत प्रतीक हैं। जब डाकिया चलता है, तो भारत चलता है कहते हुए उन्होंने डाक सेवकों को तकनीक और समाज के बीच सबसे विश्वसनीय सेतु बताया। उन्होंने रेखांकित किया कि 1.6 लाख से अधिक पोस्ट ऑफिस और करोड़ों नागरिकों का अटूट विश्वास भारतीय डाक को वैश्विक स्तर पर एक अद्वितीय पहचान देता है।

तीव्र परिवर्तनों के अग्रदूत बनें डाक सेवक-  केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय डाक विभाग तीव्र परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। आज पोस्ट ऑफिस केवल पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल बैंकिंग, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, ई-कॉमर्स पार्सल और सरकारी योजनाओं के वितरण के आधुनिक केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने डाक सेवकों से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों को अपनाते हुए इस परिवर्तन के अग्रदूत बनें।

दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मयोगियों का परिश्रम ही है भारतीय डाक की असली पूंजी–  सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट सेवा देने वाले डाक सेवकों को सम्मानित करते हुए सिंधिया ने कहा कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत इन कर्मयोगियों का परिश्रम ही भारतीय डाक की असली पूंजी है। उनका समर्पण ही ग्रामीण भारत में विश्वास की डोर को मजबूत बनाए रखता है।

केन्द्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सेवा, समर्पण और नवाचार की इसी भावना के साथ भारतीय डाक विभाग ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा और देश को विश्व की सबसे बड़ी लॉजिस्टिक्स शक्ति के रूप में स्थापित करेगा। आपने कहा कि  मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश बन रहा है सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास का संगम बन रहा है ।  

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture