उज्जैन: खेत तालाब योजना से बंजर भूमि बनी उपजाऊ
30 जून 2026, उज्जैन: उज्जैन: खेत तालाब योजना से बंजर भूमि बनी उपजाऊ – तराना की ग्राम पंचायत कनार्दी में मनरेगा के तहत निर्मित खेत तालाब ने एक बंजर भूमि को हरे-भरे खेत में बदलकर जल संरक्षण और कृषि समृद्धि की शानदार मिसाल पेश की है। इस कार्य ने स्थानीय किसान श्री रवि पिता जगदीश पटेल के जीवन में नई उम्मीद जगाई है और आसपास के किसानों को भी प्रेरित किया है।
ग्राम पंचायत कनार्दी में खेत तालाब निर्माण कार्य रवि जगदीश पटेल के खेत में मनरेगा योजना के अंतर्गत पूरा किया गया। योजना के तहत स्वीकृत ₹3.80 लाख की राशि में से ₹2.60 लाख व्यय कर कार्य पिछले साल शुरू किया गया और इस साल 22 अप्रैल को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इस दौरान कुल 884 मानव दिवस सृजित हुए। कार्य का क्रियान्वयन ग्राम पंचायत कनार्दी द्वारा किया गया। किसान रवि जगदीश पटेल के पास लगभग साढ़े सात बीघा भूमि थी,जो ज्यादातर बंजर पड़ी रहती थी। इसमें केवल एक मौसम की फसल ही हो पाती थी और अधिकांश समय भूमि बेकार रहती थी। खेत तालाब निर्माण से वर्षा का पानी संरक्षित हो गया, जिससे सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हुई और भूमि का सदुपयोग सुनिश्चित हुआ।
तालाब बनने के बाद किसान रवि पटेल ने अपनी बंजर जमीन को उपजाऊ बनाते हुए 100 क्विंटल से अधिक गेहूं का उत्पादन किया। न केवल आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और घर में खुशी छा गई।तालाब के कारण आसपास के कुओं में जल स्तर बढ़ गया है, जिससे पड़ोसी किसानों को भी सिंचाई का लाभ मिल रहा है। क्षेत्र में जल संरक्षण की स्थिति मजबूत हुई है और वर्षा जल व्यर्थ बहने की समस्या पर अंकुश लगा है। यह खेत तालाब न केवल स्थानीय किसानों के लिए जल संरक्षण का स्रोत बना है, बल्कि अन्य किसानों को भी इस योजना को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। ग्राम पंचायत कनार्दी का यह प्रयास जल संरक्षण, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक जीवंत उदाहरण है। खेत तालाब निर्माण जैसी योजनाएं इसी संकल्प को साकार कर रही हैं। जिला प्रशासन ऐसे नवाचार पूर्ण कार्यों को और गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

