राज्य कृषि समाचार (State News)

रायसेन में तीन दिवसीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारम्भ, 1600 किसानों ने लिया हिस्सा

14 मार्च 2026, रायसेन: रायसेन में तीन दिवसीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारम्भ, 1600 किसानों ने लिया हिस्सा – किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, रायसेन द्वारा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन आत्मा योजनान्तर्गत तीन दिवसीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ कार्यक्रम गुरुवार को सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र नकतरा में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  यशवंत मीणा, कृषि स्थायी समिति के सभापति  लोकेश मिश्रा, जनप्रतिनिधि सोनू मीणा, मनीष चौकसे,  वीरेन्द्र बघेल, श्रीमती सीमा चौधरी तथा राकेश शर्मा भी उपस्थित रहे।  

फसल विविधीकरण और जैविक खेती पर जोर

इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के कृषक फसल विविधीकरण का उपयोग कर धान-गेहूं के साथ नकदी फसल व उद्यानिकी फसल, औषधीय फसल की भी खेती करें। साथ ही सीमित भूमि में उन्नत किस्म, जैविक व प्राकृतिक खेती कर कृषि आय में वृद्धि करें। केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर किसान, खेती को लाभकारी बना सकते हैं। उन्होंने किसानों से नरवाई में आग नहीं लगाने का आव्हान करते हुए कहा कि गेहूं की कटाई के बाद नरवाई में आग नहीं लगाएं बल्कि विभिन्न तरीकों का उपयोग कर उसे खेत की मिट्टी में मिलायें जिससे पर्यावरण प्रदूषित न हो।

उन्होंने बताया कि केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में दशहरा मैदान रायसेन में आगामी 11, 12 व 13 अप्रैल को राष्ट्रीय स्तर की कृषि महोत्सव प्रदर्शनी एवं मेला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें राष्ट्रीय स्तर के कृषि वैज्ञानिकों के द्वारा कृषकों को उन्नत तकनीक व प्रशिक्षण दिया जायेगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने किसानों से कहा कि वह जैविक खेती अपनाएं। खेती में रासायनिक उर्वरकों, कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति धीरे-धीरे कम होती जा रही है। किसान भाई जैविक व प्राकृतिक खेती को अपनाएं जिससे कम लागत में भी अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर राकेश शर्मा ने भी किसानों को संबोधित किया।

विभिन्न विभागों के लगे स्टॉल

उप संचालक कृषि केपी भगत ने कहा कि आत्मा योजनान्तर्गत जिले में, प्रदेश के अन्य जिलों तथा दूसरे राज्यों में प्रगतिशील किसानों के खेतों और कृषि विज्ञान केंद्रों का भ्रमण व प्रशिक्षण कराकर जिले के किसानों को उन्नत तकनीक की जानकारी दी जाती है। इस मेले के माध्यम से प्रथम दिन कृषकों को नवीनतम जानकारी, द्वितीय दिन मोटे अनाज संबंधी जानकरी एवं तृतीय दिन एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत बासमती धान उत्पादन सम्बन्धी तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस किसान मेला एवं प्रदर्शनी में कृषि विज्ञान केन्द्र रायसेन, कृषि विभाग, उद्यान, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी, उन्नत कृषि यंत्र निर्माताओं, कृषक उत्पाद संगठन, इफको बाजार आदि कम्पनी के 12 स्टॉल लगाए गए जिनके माध्यम से कृषकों को उन्नत तकनीकी की जानकारी प्रदान की गयी।

1600 किसानों ने लिया हिस्सा

कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा के दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक व कृषि विज्ञान केन्द्र प्रमुख डॉ. स्वप्निल दुबे, वैज्ञानिक डॉ. प्रदीप कुमार द्विवेदी, रंजीत सिंह राघव, सुनील केथवास द्वारा कृषकों द्वारा पूछे के प्रश्नों का उत्तर देकर उनका समाधान किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के सातों विकासखण्ड के लगभग 1600 कृषकों व महिला कृषकों ने भाग लिया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements