राज्य कृषि समाचार (State News)

विश्व जैविक खेती की ओर बढ़ रहा : डॉं. रॉल्फ सेवोश

कृषि विवि में पधारे केलिफोर्निया के जैविक खेती विशेषज्ञ

जबलपुर। आज विश्व तेजी से जैविक खेती की ओर बढ़ रहा है। इस हेतु वैश्विक मापदंड निर्धारित करने होंगे। जैविक खेती से विश्व को जहां गुणवता युक्त खाद्यान्न उपलब्ध होगा, वहीं प्राकृतिक सन्तुलन भी बनेगा। तदाशय के उद्गार कैलीफोर्निया, यू.एस.ए. स्थित वर्मी विजन संस्था के अध्यक्ष डॉं. रॉल्फ सेवोश ने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर में आयोजित व्याख्यान माला में व्यक्त किये। उल्लेखनीय है कि डॉ. सेवोश उज्जैन में सिंहस्थ में आयोजित अन्र्तराष्ट्रीय विचार मंथन में विशेषज्ञ के रूप में कैलीफोर्निया से शामिल होने आये थे। उन्होंने जनेकृविवि में जैविक खेती के ऊपर अनुसंधानों का अवलोकन कर वैज्ञानिकों से विस्तृत विचार विमर्श किया। जनेकृविवि के कुलपति प्रो. विजय सिंह तोमर ने कहा कि जैव विविधता से भरपूर भारत में जैविक खेती और इसके विश्व बाजार की अपार संभावनाएं हैं। हमारे वैज्ञानिकों के पास इसकी सफल और महत्वपूर्ण तकनीक उपलब्ध है। इस पर मध्यप्रदेश में तेजी से कार्य आरम्भ हो गया है। संचालक अनुसंधान सेवाएं डॉ. एस.के. राव ने बताया कि जनेकृविवि द्वारा विकसित विभिन्न फसलों की उन्नत प्रजातियां विश्व में प्रसिद्ध हैं, देश-विदेश में जिनकी मांग निरन्तर बनी हुई है। इस मौके पर अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. पी.के. मिश्रा, संचालक प्रक्षेत्र डॉ. डी.के. मिश्रा, सी.ई.ओ. फारमर्स प्रोड्यूसिंग मध्य भारत कंपनी डॉ. योगेश द्विवेदी सहित कृषि वैज्ञानिक, शिक्षक, प्रगतिशील कृषक और छात्रगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एम.एल. केवट एवं आभार प्रदर्शन डॉ. एस.बी. नहातकर ने किया।

Advertisements
Advertisement5
Advertisement