मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
12 जनवरी 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को वर्तमान 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए खेती के साथ-साथ पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। मुख्यमंत्री शनिवार को सागर जिले के खुरई में 312 करोड़ रुपये की लागत से 86 विकास एवं निर्माण कार्यों के भूमि-पूजन और लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसान, महिला, युवा और गरीब वर्ग के जीवन को बेहतर बनाना है और इसके लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि भावांतर योजना के माध्यम से किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है, वहीं विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं से भविष्य में किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत खेती को लाभ का धंधा बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेती के साथ-साथ पशुपालन को बढ़ावा देकर किसानों की आय के नए स्रोत तैयार किए जा रहे हैं। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गौशालाओं और डेयरी इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
डेयरी खोलने पर मिलेगा अनुदान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 25 गायों के साथ डेयरी खोलने पर 40 लाख रुपये की योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये का अनुदान सरकार द्वारा दिया जाएगा। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ किसानों और पशुपालकों को मिल रहा है।
किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को कुल 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के तहत एक एकड़ में बगिया लगाने पर सरकार द्वारा 2 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लाडली बहना योजना के अंतर्गत हर माह 1500 रुपये सीधे खातों में जमा किए जा रहे हैं।
केन-बेतवा लिंक परियोजना से बदलेगा बुंदेलखंड
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा और इससे क्षेत्र में समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड वीरों और सांस्कृतिक धरोहरों की धरती है और सरकार पर्यटन के विकास के लिए भी निरंतर प्रयास कर रही है।
खुरई को मिली विकास की सौगात
मुख्यमंत्री ने खुरई में 312 करोड़ रुपये के 86 विकास कार्यों का रिमोट के माध्यम से भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। साथ ही राहतगढ़-खुरई रोड, बीना नदी परियोजना, कृषि महाविद्यालय, आईटीआई, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, विद्युत सब-स्टेशन और सांदीपनि विद्यालयों जैसी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए खुरई आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

