Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राज्यपाल ने कृषि महाविद्यालय परिसर में विकास कार्यों का लोकार्पण किया  

28 नवंबर 2025, इंदौर: राज्यपाल ने कृषि महाविद्यालय परिसर में विकास कार्यों का लोकार्पण किया – राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल ने बुधवार को इंदौर के कृषि महाविद्यालय में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने जननायक टंट्या भील बालक छात्रावास, एरोपोनिक्स यूनिट, महाविद्यालय के मुख्य द्वार, ऑडिटोरियम और कन्या छात्रावास के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण तथा नवीन कन्या छात्रावास भवन का शिलान्यास भी किया।राज्यपाल श्री पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में गत 11 वर्षों में देश में कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। इससे देश में कृषि उत्पादन बढ़ा है और किसानों की आय में वृद्धि भी हुई है। उन्होंने कृषि महाविद्यालयों में छात्रों के साथ-साथ छात्राओं की संख्या में लगातार वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

राज्यपाल श्री पटेल ने कृषि महाविद्यालय में कृषि के क्षेत्र में किये जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों और रासायनिक कीटनाशकों के माध्यम से की जा रही खेती से कृषि भूमि एवं किसानों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर होता है। इसलिए सरकार जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री पटेल ने मोटे अनाज पर केंद्रित पोस्टर का विमोचन भी किया। इस अवसर पर राजमाता विजया राजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री अरविंद शुक्ला, दलहन अनुसंधान केंद्र के पूर्व निदेशक डॉ. एके तिवारी तथा इंदौर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ.भरत सिंह भी मौजूद थे।

इससे पूर्व कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु श्री शुक्ला ने कहा कि इंदौर का कृषि महाविद्यालय वर्ष 1924 में स्थापित हुआ था। इस महाविद्यालय की स्थापना को लगभग 101 वर्ष हो चुके हैं। इस कॉलेज में दलहन और प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में लगातार अनुसंधान किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर के कृषि महाविद्यालय में सभी विद्यार्थी “ग्रीन ग्रेजुएशन कार्यक्रम” के तहत महाविद्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” नियमित रूप से लगाते हैं और उसका पालन पोषण भी करते हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें