राज्य कृषि समाचार (State News)

पांढुर्ना में भी मिलेगी 5 रूपए में कृषि पंप संयोजन की सुविधा

किसानों की मांग पोल / ट्रांसफार्मर का खर्च सरकार वहन करे

14 जनवरी 2026, (उमेश खोड़े, कृषक जगत, पांढुर्ना): पांढुर्ना में भी मिलेगी 5 रूपए में कृषि  पंप संयोजन की सुविधा – अब पांढुर्ना में भी 5 रूपए में 5 हॉर्स पावर तक के कृषि  पंप संयोजन की सुविधा किसानों को मिलने लगेगी । मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कम्पनी लिमिटेड, पांढुर्ना के कार्यपालन अभियंता के अनुसार इस संबंध में अधिसूचना जारी हो गई है। गाइड लाइन प्राप्त होते ही यह प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी जाएगी। दूसरी ओर किसानों का कहना है कि पोल / ट्रांसफार्मर का  खर्च उठाने में वे असमर्थ है , अतः  उनके खेत तक लगने वाले पोल व अन्य खर्च सरकार उठाए , तभी 5 रूपए में 5 हॉर्स पावर तक के कनेक्शन की यह सुविधा सार्थक होगी।

श्री वरुण सारस्वत , कार्यपालन अभियंता , मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कं लि , पांढुर्ना ने कृषक जगत को बताया कि पहले पांढुर्ना में  यह योजना  लागू  नहीं थी , लेकिन अब  यहां  के लिए भी  5 रूपए में 5 हॉर्स पावर तक के कृषि पंप संयोजन की अधिसूचना जारी हो गई है। कुछ दिन में गाइड लाइन भी आ जाएगी , उसके बाद इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। श्री सारस्वत ने स्पष्ट किया कि यह  सुविधा  उन मामलों में दी जाएगी ,  जहां  विद्युत  लाइन विस्तार की आवश्यकता  नहीं होगी, अन्यथा अधोसंरचना के जो भी अतिरिक्त कार्य होंगे, जैसे नया ट्रांसफार्मर या पोल लगाना इन सबका खर्च उपभोक्ता को ही वहन करना होगा। इस योजना में कनेक्शन चार्ज जो पहले लगते थे , वह अब कम  हो गए हैं।

खर्च सरकार वहन करे –   5 रूपए में 5 हॉर्स पावर तक के कृषि  पंप संयोजन की सुविधा लेने के इच्छुक किसानों ने कृषक जगत से चर्चा की।  ग्राम भंडारगोंदी  के श्री नीलेश  कलसकर के यहां दो पोल ,धावड़ीखापा के श्री मंसाराम खोड़े के यहाँ तीन पोल ,देवखापा के श्री रवि हिवरे और कलावती बेलखड़े के यहाँ पांच पोल  लगेंगे। किसानों ने बताया कि  इस योजना में पंजीयन शुल्क के ढाई हज़ार कम  हुए हैं।  जबकि  सुरक्षा निधि ( 1500  रु )  को पहले बिल में  जोड़ा  जाएगा , जो किसानों के लिए  फौरी  राहत होगी , जबकि एक पोल की लागत करीब 22  हज़ार रु तक आती है। यदि इच्छुक किसानों की ज़रूरत के हिसाब से इसकी गणना की जाए तो यह राशि  हज़ारों में पहुंच जाएगी । ट्रांसफार्मर तो दो लाख रु तक के आते हैं।  इतनी बड़ी राशि किसान वहन करने में सक्षम नहीं है। किसानों का कहना है कि पोल / ट्रांसफार्मर आदि का खर्च सरकार को वहन करना चाहिए , तभी 5 रूपए में 5 हॉर्स पावर तक के कनेक्शन की यह सुविधा सार्थक होगी, अन्यथा यह किसानों के लिए छलावा ही साबित होगी।

उल्लेखनीय है कि 5 रूपए में 5 हॉर्स पावर के कृषि कनेक्शन को लेकर गत नवंबर माह में भारतीय किसान संघ, पांढुर्ना  द्वारा मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन की खबर को  कृषक जगत में प्रमुखता से उठाया गया था। इस मांग की समाधान की प्रक्रिया शुरू होने पर किसानों और भाकिसं ,पांढुर्ना ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements