Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

प्रदेश में ओला-पाला से प्रभावित फसलों का सर्वे कर किसानों को तत्काल उपलब्ध कराई जाए सहायता राशि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

05 फरवरी 2026, भोपाल: प्रदेश में ओला-पाला से प्रभावित फसलों का सर्वे कर किसानों को तत्काल उपलब्ध कराई जाए सहायता राशि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में ओला-पाला से प्रभावित किसानों को त्वरित राहत देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिन-जिन जिलों में ओला-पाला से फसलें प्रभावित हुई हैं, वहां के कलेक्टर तत्काल सर्वे कराकर पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों को राहत देने में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रि-परिषद के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।

2026 होगा कृषक कल्याण वर्ष

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि किसानों के सभी प्रकार के हित सुनिश्चित करने और उनकी आय दोगुना करने के उद्देश्य से वर्ष-2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए ठोस योजनाएं लागू की जाएंगी।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

चार अंचलों में होगी कृषि कैबिनेट

कृषक कल्याण कृषि वर्ष के अंतर्गत मालवा, निमाड़, चंबल और विंध्य अंचलों में कृषि कैबिनेट का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि के साथ-साथ उद्यानिकी, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और अन्य सहायक गतिविधियों को अपनाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उनकी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हो सकें।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

पुष्प उत्पादन और मार्केटिंग को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में प्रदेश में पहली बार राज्य स्तरीय पुष्प महोत्सव का आयोजन किया गया। अब पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश-विदेश में फूलों की बेहतर मार्केटिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि किसानों को अधिक लाभ मिल सके।

नरवाई प्रबंधन और फसल नीति पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरवाई प्रबंधन और पराली जलाने पर नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भावांतर योजना में सरसों सहित अन्य तिलहन फसलों को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। वहीं मूंग के स्थान पर उड़द को प्रोत्साहित करने के लिए नई नीति बनाई जा रही है, जिसमें किसानों की सहभागिता अहम होगी।

अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय एमपी यूथ गेम्स-2026 के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में देशज खेलों को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि रीवा मेडिकल कॉलेज में 750 बेड की क्षमता बढ़ाई गई है और प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में आयोजित अन्नदाता सम्मान समारोह का उल्लेख करते हुए बताया कि भावांतर योजना के तहत सोयाबीन उत्पादक 1 लाख 17 हजार किसानों के खातों में 200 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत केंद्रीय बजट विकसित भारत के संकल्पों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मंत्रि-परिषद सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में बजट की विशेषताओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture