Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

शुगरकेन हाइटेक हब स्थापित करने पर मिलेगी ₹52 लाख तक सब्सिडी, 28 सितंबर तक करें आवेदन  

26 सितंबर 2026, भोपाल: शुगरकेन हाइटेक हब स्थापित करने पर मिलेगी ₹52 लाख तक सब्सिडी, 28 सितंबर तक करें आवेदन – मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में कृषकों को कृषि फसलों के लिए आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक ऋण आधारित हाइटेक हब स्थापित किए जा रहे हैं। इसके लिए इच्छुक व्यक्तिगत आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदक संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी की वेबसाइट के माध्यम से 28 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के साथ आवेदकों को धरोहर राशि के रूप में ₹1 लाख के बैंक ड्राफ्ट की फोटो अपलोड करनी होगी। बैंक ड्राफ्ट ‘संचालक कृषि अभियांत्रिकी म.प्र. भोपाल’ के नाम से बनाया जाना होगा। चयन के बाद हाइटेक हब स्थापित करने में असफल रहने वाले आवेदकों की धरोहर राशि की 15 प्रतिशत राशि राजसात कर ली जाएगी।

शुगरकेन हाइटेक हब के लिए शुगरकेन हार्वेस्टर-1, इंफील्डर (हाइड्रॉलिक सिस्टम के साथ न्यूनतम 4 टन क्षमता)-2, ट्रैक्टर (इंफील्डर की क्षमता अनुसार)-2, रटून मैनेजर-1, शुगरकेन कटर प्लांटर-1 और सब सॉइलर-1 यंत्र अनिवार्य रखे गए हैं। शुगरकेन हाइटेक हब प्रोजेक्ट की अधिकतम लागत ₹1.30 करोड़ तक रखी जा सकती है। इस पर प्रोजेक्ट लागत का 40 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम ₹52 लाख तक दिया जाएगा। आवेदक यंत्र क्रय करने के लिए प्रोजेक्ट की लागत को ₹1.70 करोड़ तक रख सकता है, लेकिन अनुदान की गणना ₹1.30 करोड़ की लागत पर ही की जाएगी।

शुगरकेन हाइटेक हब के लिए प्रोजेक्ट के साथ शुगर मिल से कार्य उपलब्ध होने का अनुबंध प्रस्तुत करना भी अनिवार्य होगा। इससे हाइटेक हब के तहत उपलब्ध कराए जाने वाले कृषि यंत्रों के उपयोग को सुनिश्चित किया जा सकेगा। सहायक कृषि यंत्री श्री चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक आवेदक 28 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदकों के अभिलेखों का सत्यापन एवं बैंक ड्राफ्ट जमा करने की अवधि 29 और 30 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक कार्यालय कृषि यंत्री/कार्यपालन यंत्री इंदौर में निर्धारित की गई है।

कंप्यूटराइज्ड लॉटरी पद्धति से प्राथमिकता सूचियों का निर्धारण 1 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी, भोपाल में किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सहायक कृषि यंत्री बुरहानपुर के मोबाइल नंबर 87705-33488 पर संपर्क किया जा सकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture