कृषि की पढ़ाई से सिर्फ खेती नहीं, सरकारी नौकरी से अपना एग्री-बिजनेस तक विकल्प
27 अगस्त 2026, रायपुर: कृषि की पढ़ाई से सिर्फ खेती नहीं, सरकारी नौकरी से अपना एग्री-बिजनेस तक विकल्प – कृषि अब सिर्फ पारंपरिक खेती तक सीमित क्षेत्र नहीं रह गई है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, उद्यमिता, टिकाऊ कृषि और बाजार आधारित अवसरों के बढ़ने के साथ कृषि एक व्यापक और रोजगारोन्मुख क्षेत्र बन चुकी है। ऐसे में बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि विद्यार्थियों के लिए सरकारी सेवाओं से लेकर अनुसंधान, कृषि व्यवसाय, एग्री-टेक, खाद्य प्रसंस्करण और उद्यमिता तक करियर के कई रास्ते खोलती है।
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए कृषि क्षेत्र में संभावनाएं खास तौर पर महत्वपूर्ण हैं। राज्य की धान आधारित कृषि प्रणालियां, दलहन एवं तिलहन, उद्यानिकी, पशुपालन, वनोपज आधारित आजीविका, पारंपरिक एवं जनजातीय कृषि और कृषि-प्रसंस्करण जैसे क्षेत्र कृषि शिक्षा एवं व्यावसायिक विकास के लिए मजबूत आधार प्रदान करते हैं। प्रशिक्षित कृषि स्नातक उत्पादकता बढ़ाने, उत्पादन लागत कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के टिकाऊ प्रबंधन और कृषि मूल्य श्रृंखला के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
B.Sc. कृषि में मिलता है बहुविषयक ज्ञान
चार वर्षीय बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान के साथ मृदाविज्ञान, आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन, जैव प्रौद्योगिकी, कीट विज्ञान, पादप रोग विज्ञान, उद्यानिकी, कृषि अर्थशास्त्र, कृषि प्रसार, कृषि मौसम विज्ञान, कृषि सूक्ष्म जीव विज्ञान और कृषि व्यवसाय प्रबंधन जैसे विषयों का ज्ञान देता है। इस बहुविषयक शिक्षा के जरिए विद्यार्थी उच्च शिक्षा, रोजगार, अनुसंधान और उद्यमिता के अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ सकते हैं।
सरकारी नौकरी से बैंकिंग तक करियर के मौके
कृषि स्नातकों के लिए सरकारी विभागों, कृषि प्रसार, ग्रामीण विकास, कृषि विपणन, बीज संगठनों और विभिन्न कृषि विकास कार्यक्रमों में अवसर उपलब्ध हैं। बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र में भी कृषि ऋण, ग्रामीण बैंकिंग, कृषि वित्त, फसल बीमा, विकास बैंकिंग और किसान उत्पादक संगठनों से जुड़े क्षेत्रों में करियर बनाया जा सकता है। निजी क्षेत्र में बीज, उर्वरक, फसल संरक्षण, जैव-इनपुट, कृषि यंत्र, खाद्य प्रसंस्करण, एग्री-टेक, कृषि विपणन और आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
AI, ड्रोन और डिजिटल कृषि में बढ़ेंगे अवसर
भविष्य की कृषि में ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग और जीआईएस, सटीक कृषि, डिजिटल कृषि, जलवायु-स्मार्ट कृषि, कृषि डेटा विश्लेषण, स्मार्ट सिंचाई और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी तकनीकों की भूमिका बढ़ रही है। ऐसे में कृषि विशेषज्ञता के साथ डिजिटल और तकनीकी कौशल रखने वाले युवाओं के लिए उभरते क्षेत्रों में बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। कृषि की पढ़ाई करने वाले युवा पारंपरिक कृषि ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीक को समझकर नए रोजगार क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकते हैं।
नौकरी के साथ खुद का एग्री-बिजनेस शुरू करने का मौका
बी.एससी. कृषि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें नौकरी देने वाला बनने का अवसर भी देती है। युवा नर्सरी, बीज उत्पादन, मशरूम उत्पादन, संरक्षित खेती, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जैव उर्वरक एवं जैव कीटनाशी, कस्टम हायरिंग सेंटर, ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं, मृदा एवं जल परीक्षण, मधुमक्खी पालन, खाद्य प्रसंस्करण और डिजिटल कृषि परामर्श जैसे क्षेत्रों में अपना उद्यम शुरू कर सकते हैं। इस तरह कृषि शिक्षा को रोजगार के साथ जोड़ा जा सकता है और स्थानीय स्तर पर किसानों के लिए सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ नए रोजगार भी पैदा किए जा सकते हैं।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में व्यावहारिक शिक्षा पर जोर
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर कृषि शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय में प्रायोगिक कक्षाओं, खेत प्रयोगों, शैक्षणिक भ्रमण, अनुभवात्मक अधिगम और कृषक समुदाय के साथ संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देने पर जोर दिया जाता है।
विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं और चावल अनुसंधान से जुड़ी सुविधाओं के साथ कीटनाशी अवशेष विश्लेषण प्रयोगशाला जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। विश्वविद्यालय के पास 22,000 से अधिक पारंपरिक धान जर्मप्लाज्म का समृद्ध संग्रह है, जो फसल सुधार, जैव विविधता संरक्षण, जलवायु अनुकूलन और भविष्य की खाद्य सुरक्षा से जुड़े अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण वैज्ञानिक संसाधन है।
विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन और प्लेसमेंट
विद्यार्थियों के व्यावसायिक विकास के लिए विश्वविद्यालय ने करियर मार्गदर्शन एवं प्लेसमेंट तंत्र विकसित किया है। इसके तहत कैंपस प्लेसमेंट, करियर परामर्श, उद्योग संवाद, कौशल विकास, व्यक्तित्व विकास, व्यावसायिक अभिमुखीकरण और पूर्वछात्र सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रोजगार और पेशेवर क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने में मदद मिल सकती है।
12वीं के बाद कृषि में बना सकते हैं करियर
प्रवेश परामर्श 2026-27 के तहत कक्षा 12वीं उत्तीर्ण ऐसे विद्यार्थी, जिनकी रुचि विज्ञान, प्रकृति, प्रौद्योगिकी, ग्रामीण विकास, व्यवसाय या उद्यमिता में है, बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं। इनमें सरकारी सेवा, बैंकिंग, अनुसंधान, उच्च शिक्षा, कृषि व्यवसाय, एग्री-टेक, खाद्य प्रसंस्करण, परामर्श, उद्यमिता और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
अभ्यर्थियों को पात्रता, काउंसलिंग, सीट उपलब्धता, शुल्क और आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की नवीनतम आधिकारिक प्रवेश अधिसूचना देखने की सलाह दी गई है। कृषि अब केवल खेत तक सीमित नहीं है। ज्ञान, विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता के साथ यह युवाओं के लिए रोजगार और अपना व्यवसाय खड़ा करने का बड़ा अवसर बन रही है। बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि इन सभी अवसरों को जोड़ते हुए युवाओं के करियर की मजबूत आधारशिला बन सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

