कृषि कंपनी समाचार (Industry News)राज्य कृषि समाचार (State News)

उज्जैन में यूपीएल एवं बीएएसएफ के नकली उत्पाद पकड़ाए

13 सितंबर 2026, इंदौर: उज्जैन में यूपीएल एवं बीएएसएफ के नकली उत्पाद पकड़ाए – अमानक और नकली कृषि आदानों के ज़रिए किसानों के साथ धोखाधड़ी करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताज़ा मामला उज्जैन का सामने आया है , जहां देश की दो प्रतिष्ठित कंपनियों यूपीएल लि.और बीएएसएफ के लोकप्रिय उत्पादों साफ और प्रयाक्सर का नकली माल पकड़ा गया है।  इस मामले में टू बडी कंसल्टिंग प्रा. लि. कम्पनी के अधिकृत जांच अधिकारियों की शिकायत पर  तीन आरोपियों के खिलाफ थाना नानाखेड़ा , उज्जैन में एफआईआर दर्ज़  की गई है।

टू बडी कंसल्टिंग प्रा. लि. कम्पनी के प्रतिनिधि एवं अधिकृत जांच अधिकारी श्री आशीष जांगड़ा , झुंझनू एवं श्री कुलदीप कुशवाहा , मेरठ की शिकायत पर पुलिस ने दबिश दी और निशानदेही पर बस स्टैंड के पास से एक ईको गाड़ी ( एम पी -13  जेड बी 8314 ) को घेराबंदी कर रोका। गाड़ी की चेकिंग के दौरान 12 डिब्बे (बॉक्स) मिले, जिनमें नकली एग्रोकेमिकल प्रोडक्ट्स (कीटनाशक) भरे हुए थे। यूपीएल  कंपनी का साफ़ (SAAF) के 10 बॉक्स (कुल 198 पैकेट) और बीएएसएफ का प्रयाक्सर (PRAIXOR) के 2 बॉक्स (कुल 48 बोतल) थे। कंपनी के प्रतिनिधियों ने लेबल, बारकोड, सीरियल नंबर और गुणवत्ता की जांच कर पुष्टि की कि ये उत्पाद नकली (Duplicate) हैं।

श्री जांगड़ा एवं श्री कुशवाहा की शिकायत पर थाना नानाखेड़ा , उज्जैन में  आरोपियों विक्रांत पिता योगेंद्र दुबे ,तराना, राजेश पिता मन्नूभाई मेहता ,उज्जैन तथा रईस अहमद पिता रफ़ीक अहमद , इंदौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) तथा कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63, 65 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। जब्त सामान और वाहन थाने के मालखाने में जमा किया गया है।

इस संबंध में  टू बडी कंसल्टिंग प्रा. लि. के सहायक श्री कुलदीप कुशवाहा ने कृषक जगत को बताया कि कम्पनी के सर्वेयर की ओर से जानकारी  मिली कि यूपीएल एवं बीएएसएफ कंपनियों का नकली माल बाज़ार में बेचने की तैयारी है। इस पर पुलिस थाना नानाखेड़ा , उज्जैन में शिकायत की गई।  पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर तीन आरोपियों को नकली माल के साथ पकड़ लिया।  निजी कम्पनी का मामला होने से इसमें कृषि विभाग की कोई भूमिका नहीं है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture