Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

छोटे किसानों को अब 6 प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा 10 लाख तक का कृषि ऋण

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू, पांच लाख लघु एवं सीमांत किसानों को लाभ देने का लक्ष्य

26 सितंबर 2026, लखनऊ: छोटे किसानों को अब 6 प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा 10 लाख तक का कृषि ऋण – उत्तर प्रदेश के लघु एवं सीमांत किसानों को खेती और उससे जुड़ी जरूरतों के लिए कम ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू की गई है। योजना के तहत किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है। पात्र किसानों को 6 लाख रुपए से लेकर अधिकतम 10 लाख रुपए तक का दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान चयनित लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए गए। योजना की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के लिए ई-पोर्टल भी शुरू किया गया है।

11 से घटकर 6 प्रतिशत हुई ब्याज दर

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से किसानों को 11 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता था। अब किसानों पर ब्याज का बोझ कम करने के लिए नई योजना के तहत यह दर घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है।

योजना में दीर्घकालीन ऋण की व्यवस्था की गई है, जिसके अंतर्गत पात्र किसानों को 6 से 10 लाख रुपए तक की ऋण सुविधा मिल सकेगी। सरकार ने आगामी वर्षों में प्रदेश के पांच लाख लघु एवं सीमांत किसानों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।खेती के लिए आर्थिक सहायता पर जोर

योजना का उद्देश्य किसानों को खेती से संबंधित आवश्यकताओं के लिए अपेक्षाकृत कम ब्याज पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इससे किसानों को अधिक ब्याज वाले ऋण पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। योजना को उत्तर प्रदेश की सहकारी ऋण व्यवस्था से जोड़ा गया है।

सहकारिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर ने कहा कि योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से आवेदन

योजना के लिए डिजिटल प्रक्रिया अपनाई गई है। किसान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन: किसान योजना के आधिकारिक ई-पोर्टल mksyldb.in पर जाकर आधार नंबर और मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।

ऑफलाइन आवेदन: किसान नजदीकी उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की शाखा से आवेदन पत्र प्राप्त कर उसे जमा कर सकते हैं।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

आधार कार्ड
खसरा-खतौनी अथवा किसान बही की प्रति
निवास प्रमाण पत्र अथवा राशन कार्ड
बैंक पासबुक की छायाप्रति, जिसमें आईएफएससी कोड हो
नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटोमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसान खुशहाल और समृद्ध होगा तो देश भी खुशहाल और समृद्ध होगा। उन्होंने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के माध्यम से सरकार ने कम ब्याज दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराने के साथ छोटे और सीमांत किसानों की वित्तीय जरूरतों को सहकारी व्यवस्था के जरिए पूरा करने पर जोर दिया है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture