शिवपुरी: बाजरा उत्पादन की आधुनिक तकनीक सीखने 50 किसानों का दल राजस्थान रवाना
24 सितंबर 2026, शिवपुरी: शिवपुरी: बाजरा उत्पादन की आधुनिक तकनीक सीखने 50 किसानों का दल राजस्थान रवाना – मध्यप्रदेश किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 में संचालित मध्यप्रदेश राज्य मिलेट मिशन योजना के तहत जिले के 50 किसानों का अध्ययन भ्रमण दल सोमवार को राजस्थान के लिए रवाना हुआ। उप संचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य और सहायक संचालक कृषि डॉ. श्रीमती किरण रावत ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। किसान राजस्थान के प्रमुख कृषि संस्थानों का भ्रमण कर मिलेट और बाजरा उत्पादन की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
राजस्थान के प्रमुख कृषि संस्थानों का करेंगे भ्रमण
अध्ययन भ्रमण दल आत्मा के ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक श्री मंजेश त्यागी और कृषि विस्तार अधिकारी श्री संदीप कुमार रावत के नेतृत्व में रवाना हुआ है। भ्रमण के दौरान किसान सवाई माधोपुर, अजमेर, भरतपुर, जयपुर और जोधपुर सहित विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे। इन स्थानों पर किसान कृषि वैज्ञानिकों के साथ बाजरा और अन्य मिलेट फसलों की उत्पादन तकनीक को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। साथ ही विभिन्न शोध एवं कृषि संस्थानों में उपलब्ध आधुनिक उत्पादन तकनीकों, उन्नत किस्मों और प्रसंस्करण विधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे।
खेतों में तकनीक अपनाने के लिए किसानों को किया प्रेरित
भ्रमण के दौरान मिलने वाली जानकारी से जिले के किसानों को अपने क्षेत्रों में मिलेट फसलों के उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार करने में मदद मिलेगी। कृषि अधिकारियों ने किसानों को अध्ययन यात्रा के माध्यम से नई तकनीकों को सीखकर उन्हें अपने खेतों में अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीकों और बेहतर उत्पादन पद्धतियों को अपनाकर जिले में मिलेट उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सकता है। किसान अध्ययन भ्रमण दल को रवाना करते समय कृषि विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


