Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

शहडोल: अरहर की फसल का निरीक्षण करने पहुंचे दलहन विकास निदेशालय के संयुक्त निदेशक, किसानों को दी उन्नत खेती की जानकारी

23 नवंबर 2026, शहडोल: शहडोल: अरहर की फसल का निरीक्षण करने पहुंचे दलहन विकास निदेशालय के संयुक्त निदेशक, किसानों को दी उन्नत खेती की जानकारी – भारत सरकार के दलहन विकास निदेशालय, भोपाल के संयुक्त निदेशक विपिन कुमार ने 18 नवंबर 2026 को शहडोल जिले के सोहागपुर विकासखंड के ग्राम लमरो, मझगवां और पचड़ी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में अरहर की फसल का निरीक्षण किया और किसानों से चर्चा कर दलहनी फसलों के महत्व, उत्पादन बढ़ाने के तरीकों और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को दलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित किया।

दलहनी फसलें प्रोटीन उपलब्ध कराने के साथ बढ़ाती हैं मिट्टी की उर्वरता

किसानों से चर्चा के दौरान विपिन कुमार ने बताया कि भारत में खाद्य एवं पोषण सुरक्षा एक महत्वपूर्ण चुनौती है। देश ने बीते दशकों में अनाज उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल की है, लेकिन शरीर के विकास, प्रतिरक्षा क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण प्रोटीन भी जरूरी है। दलहनी फसलें कम लागत में प्रोटीन का अच्छा स्रोत उपलब्ध कराती हैं। साथ ही मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने बताया कि गेहूं और धान की तुलना में दलहनी फसलों को कम सिंचाई और खाद की जरूरत होती है। इस कारण ये फसलें सूखाग्रस्त और कम उपजाऊ क्षेत्रों के किसानों के लिए भी लाभदायक हैं। दलहनी फसलों की जड़ों में मौजूद राइजोबियम जीवाणु वायुमंडल की नाइट्रोजन को मिट्टी में उपलब्ध कराने में मदद करते हैं। इससे भूमि की उर्वरता बढ़ती है और यूरिया जैसे रासायनिक उर्वरकों पर किसानों का खर्च कम हो सकता है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

फली छेदक कीट के नियंत्रण के बताए उपाय

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ब्रजकिशोर प्रजापति ने किसानों को अरहर की फसल में लगने वाले फली छेदक कीट की पहचान और नियंत्रण के तरीके बताए। उन्होंने बताया कि यह कीट हरी एवं मुलायम पत्तियों को नुकसान पहुंचाता है। फली बनने के बाद उनमें छेद करके दानों को खाता है, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

उन्होंने कीट नियंत्रण के लिए खेतों में फेरोमोन ट्रैप लगाने और नियमित निगरानी करने की सलाह दी। जब 24 घंटे में प्रति ट्रैप 5 से 6 नर कीट मिलने लगें, तब नियंत्रण के उपाय अपनाने चाहिए। इसके अलावा न्यूक्लियर पॉलीहेड्रोसिस विषाणु का 250 लार्वा समतुल्य प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव, परभक्षी पक्षियों के बैठने के लिए खेत में टी आकार की लकड़ी लगाने और नीम तेल के 5 प्रतिशत घोल का छिड़काव करने की जानकारी दी।

ड्रोन तकनीक से कम समय और लागत में होगा छिड़काव

डॉ. प्रजापति ने कृषि कार्यों में ड्रोन तकनीक के उपयोग के फायदे भी बताए। उन्होंने कहा कि ड्रोन के माध्यम से फसलों पर उर्वरकों और कीटनाशकों का छिड़काव कम समय में किया जा सकता है। इससे श्रम और ईंधन की बचत होती है। साथ ही रसायनों के अनावश्यक और अत्यधिक उपयोग को कम करने में भी मदद मिलती है।

जैविक कीट नियंत्रण और कृषि आधारित व्यवसाय अपनाने की सलाह

सहायक संचालक कृषि रमेन्द्र सिंह ने किसानों को उन्नत खेती, बीज उपचार, फेरोमोन ट्रैप, पौध संरक्षण, जैविक खाद निर्माण, वर्षा जल प्रबंधन और सिंचाई के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने नीमास्त्र, अग्निअस्त्र, दशपर्णी, ब्रह्मास्त्र, मिर्च-अदरक अर्क, नीम-गौमूत्र अर्क, बीजामृत, लैंटाना अर्क और ताम्र लस्सी जैसे जैविक कीट नियंत्रण उपायों को तैयार करने और उनके उपयोग के तरीके भी समझाए। उन्होंने किसानों को खेती के साथ पशुपालन, कुक्कुट पालन, डेयरी उद्योग, फल उत्पादन और मशरूम उत्पादन जैसे कृषि आधारित व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित किया। इससे किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं।

कीटनाशकों के छिड़काव में सुरक्षा बरतने की दी सलाह

वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सोहागपुर श्रीमती रेखा अहिरवार और कृषि विस्तार अधिकारी सुश्री भावना मिश्रा ने किसानों को खरपतवारनाशी, फफूंदनाशी और कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रासायनिक दवाओं का छिड़काव करते समय दस्ताने, मास्क, चश्मा, एप्रन और गमबूट का इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि दवाएं त्वचा या सांस के माध्यम से शरीर में प्रवेश न करें।

उन्होंने सलाह दी कि दवाओं का छिड़काव सुबह या देर शाम को कम हवा चलने के दौरान करना चाहिए और तेज धूप में छिड़काव से बचना चाहिए। दवाओं का घोल साफ पानी में लकड़ी की छड़ी से तैयार करना चाहिए। छिड़काव पूरा होने के बाद स्प्रेयर पंप को भी पानी से अच्छी तरह साफ करना जरूरी है। निरीक्षण और किसान संवाद के दौरान अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, दलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इन तरीकों से दलहन उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत कम करने और किसानों की आय में वृद्धि करने में मदद मिल सकती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture