सागर: एकीकृत खेती से संवार रहे कृषि की तस्वीर, उमेश पटेल का फार्म बना किसानों के लिए मिसाल
18 नवंबर 2026, सागर: सागर: एकीकृत खेती से संवार रहे कृषि की तस्वीर, उमेश पटेल का फार्म बना किसानों के लिए मिसाल – आधुनिक तकनीक और कृषि विविधीकरण को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। इसका उदाहरण सागर जिले के विकासखंड बीना के ग्राम गुलाव के प्रगतिशील किसान उमेश पटेल ने पेश किया है। उन्होंने अपने कृषि फार्म पर एकीकृत कृषि प्रणाली का मॉडल विकसित किया है, जिसमें फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, उद्यानिकी और आधुनिक तकनीकों को भी शामिल किया गया है। उनका यह मॉडल आसपास के किसानों के लिए सीखने और प्रेरणा का केंद्र बन रहा है।
खेती के साथ पशुपालन और उद्यानिकी को भी दिया बढ़ावा
उमेश पटेल अपने परिवार के साथ मिलकर खेती-किसानी के कार्यों में जुटे हुए हैं। उनके खेत में गेहूं, चना और ज्वार सहित विभिन्न फसलों का उत्पादन किया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने सब्जी उत्पादन, फल बागवानी और अन्य उद्यानिकी गतिविधियों को भी अपनाया है। इस तरह उन्होंने खेती के अलग-अलग क्षेत्रों को एक साथ जोड़कर आय के नए अवसर विकसित किए हैं।
एक ही फार्म पर गोबर गैस, पॉलीहाउस और सोलर पैनल की व्यवस्था
उमेश पटेल के कृषि फार्म की खासियत यहां विकसित की गई एकीकृत कृषि प्रणाली है। इसके तहत फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, गोबर गैस संयंत्र, जैविक खाद निर्माण, पॉलीहाउस और सोलर पैनल जैसी व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है। इन गतिविधियों के समन्वय से कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और खेती को आधुनिक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। पटेल अपने खेत में उत्पादित सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों को सीधे बाजार के साथ ऑनलाइन माध्यम से भी ग्राहकों तक पहुंचा रहे हैं। इससे उन्हें अपने उत्पादों के विपणन के लिए अतिरिक्त अवसर मिल रहे हैं।
कृषि विभाग से मिल रहा तकनीकी मार्गदर्शन
इस मॉडल को विकसित करने में कृषि विभाग, विकासखंड बीना की टीम का सहयोग मिल रहा है। एसएडीओ अधिकारी अवधेश राय द्वारा उमेश पटेल को समय-समय पर आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती, कृषि विविधीकरण, उद्यानिकी और एकीकृत कृषि प्रणाली के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कृषि विभाग की टीम के सहयोग से उनके फार्म को अन्य किसानों के लिए सीखने और प्रशिक्षण के मॉडल के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के किसान भी यहां पहुंचकर आधुनिक कृषि तकनीकों और एकीकृत खेती की गतिविधियों को समझ रहे हैं। इससे प्रेरित होकर वे भी अपने खेतों में नए प्रयोग कर रहे हैं।
उमेश पटेल और उनके परिवार की मेहनत, नए प्रयोगों के प्रति रुचि और कृषि विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से विकसित यह मॉडल दिखाता है कि पारंपरिक फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, उद्यानिकी और आधुनिक तकनीकों को जोड़कर खेती को नया स्वरूप दिया जा सकता है। एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाकर किसान उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और खेती को अधिक टिकाऊ एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


