पंजाब में आलू की फसल पर झुलसा रोग का खतरा, कृषि विभाग ने बताई दवा और मात्रा
19 नवंबर 2026, बठिंडा: पंजाब में आलू की फसल पर झुलसा रोग का खतरा, कृषि विभाग ने बताई दवा और मात्रा – पंजाब के बठिंडा, मोगा, मुक्तसर, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों में इन दिनों आलू की फसल बढ़वार की अवस्था में है, और मौसम विभाग के कृषि मौसम केंद्र ने किसानों को झुलसा रोग (लेट ब्लाइट) की आशंका को देखते हुए समय रहते बचाव के उपाय करने की सलाह दी है। यह सलाह भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी कृषि मौसम परामर्श बुलेटिन संख्या 92/2026 में दी गई है, जो 17 नवंबर को जारी हुआ।
सलाह के मुताबिक रोग के लक्षण दिखने से पहले ही नवंबर के पहले सप्ताह में बचाव का पहला छिड़काव कर लेना चाहिए। किसानों को इंडोफिल एम-45, मास एम-45, मार्कजेब या एंट्राकोल में से किसी एक दवा की 500 से 700 ग्राम मात्रा अथवा कॉपर ऑक्सीक्लोराइड 50 डब्ल्यूपी या मार्क कॉपर की 750 से 1000 ग्राम मात्रा प्रति एकड़ 250 से 350 लीटर पानी में घोलकर छिड़कने की सलाह दी गई है।
गंभीर प्रकोप की स्थिति में अलग दवा का सुझाव
बुलेटिन में बताया गया है कि पहले छिड़काव के बाद 7 दिन के अंतराल पर पांच और छिड़काव करने चाहिए, ताकि फसल पूरी तरह सुरक्षित रहे। लेकिन अगर रोग का प्रकोप ज्यादा गंभीर नजर आए, तो तीसरे और चौथे छिड़काव में इंडोफिल एम-45 जैसी दवाओं की जगह रेवस 250 एससी की 250 मिलीलीटर मात्रा या मेलोडी डुओ, रिडोमिल गोल्ड अथवा कर्जेट एम-8 में से किसी एक दवा की 200 मिलीलीटर मात्रा प्रति एकड़ 10 दिन के अंतराल पर छिड़कने की सलाह दी गई है।
इसी बुलेटिन में आलू की फसल के लिए पोषण प्रबंधन पर भी सलाह दी गई है। बीज खेतों से विषाणु प्रभावित पौधों को तुरंत निकालने, 40-45 दिन की फसल में प्रति एकड़ 85 किलोग्राम यूरिया की दूसरी खुराक डालने और हल्की मिट्टी वाले खेतों में यह मात्रा बढ़ाकर 115 किलोग्राम करने की सलाह दी गई है। साथ ही इस अवस्था में फसल की मिट्टी चढ़ाने का काम भी पूरा कर लेना चाहिए।
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक झुलसा रोग आलू की फसल के लिए सबसे गंभीर खतरों में से एक माना जाता है, क्योंकि नमी और ठंडे मौसम में यह तेजी से फैलता है और समय पर छिड़काव न होने पर पूरी फसल बर्बाद कर सकता है। यही वजह है कि कृषि मौसम केंद्र हर साल नवंबर महीने में, रोग के लक्षण दिखने से पहले ही, किसानों को एहतियाती छिड़काव की सलाह देता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


