कटनी : छात्रों को दिया छत पर बागवानी और जैविक खाद बनाने का तकनीकी प्रशिक्षण
19 नवंबर 2026, कटनी: कटनी : छात्रों को दिया छत पर बागवानी और जैविक खाद बनाने का तकनीकी प्रशिक्षण – शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को छत पर बागवानी और रसोई के कचरे से जैविक खाद बनाने का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को कम लागत वाली तकनीकों और जीरो बजट फार्मिंग की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ ने बताया कि छत पर की जाने वाली बागवानी को रूफटॉप गार्डनिंग या टेरेस गार्डनिंग कहा जाता है। इसके माध्यम से घर की खाली छत का उपयोग कर कम जगह में सब्जियां, फल, फूल और अन्य उपयोगी पौधे उगाए जा सकते हैं। विद्यार्थियों को गमलों की तैयारी, उनमें मिट्टी एवं अन्य सामग्री की भराई, पौधों के लिए उपयुक्त स्थान का चयन और गमलों को व्यवस्थित तरीके से रखने की विधि समझाई गई। साथ ही टेरेस गार्डनिंग के लिए उपयुक्त सब्जियों, फलदार एवं फूलों के पौधों, पत्तेदार सब्जियों, जड़ी-बूटियों और शोभादार पौधों की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञ ने खाद एवं पोषक तत्वों के उपयोग, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण तथा पौधों को कीट और रोगों से बचाने के उपायों का भी तकनीकी प्रशिक्षण दिया। इसके अलावा विद्यार्थियों को रसोई के कचरे से जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। बताया गया कि घरों से निकलने वाले सब्जियों के छिलके, भोजन के अवशेष और अन्य जैविक कचरे को उचित तरीके से विघटित कर उपयोगी कंपोस्ट खाद बनाई जा सकती है। इस खाद का उपयोग घरों में लगे पौधों, सब्जियों और फसलों की मिट्टी को उपजाऊ बनाने में किया जा सकता है।
प्रशिक्षण में बताया गया कि रसोई के जैविक कचरे का खाद के रूप में उपयोग करने से कचरे का बेहतर प्रबंधन होता है और रासायनिक खाद पर निर्भरता भी कम की जा सकती है। इस तरह कम लागत में घर पर ही जैविक खाद तैयार कर बागवानी और खेती को बढ़ावा दिया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


