Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सरसों में माहू कीट और गेहूं में पीली गेरूई का खतरा, कृषि विभाग ने जारी की सलाह

21 नवंबर 2026,  लखनऊ (उत्तर प्रदेश): सरसों में माहू कीट और गेहूं में पीली गेरूई का खतरा, कृषि विभाग ने जारी की सलाह – तापमान में लगातार गिरावट के बीच उत्तर प्रदेश में सरसों की फसल पर माहू कीट का प्रकोप बढ़ने लगा है, वहीं गेहूं की फसल में पीली गेरूई रोग और खरपतवार की समस्या भी किसानों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। राज्य के कृषि रक्षा विभाग ने इन तीनों समस्याओं से निपटने के लिए किसानों को जरूरी रासायनिक और गैर-रासायनिक उपाय बताए हैं।

सरसों में माहू कीट का प्रकोप, ऐसे करें बचाव

एडवाइजरी के अनुसार ठंड बढ़ने के साथ ही राई और सरसों की फसल में माहू कीट के प्रकोप की आशंका बढ़ जाती है। यह कीट पौधों की कोमल पत्तियों, तनों और फूलों का रस चूसकर पौधे को कमजोर कर देता है, जिससे फलियों के बनने और दाना भरने की प्रक्रिया प्रभावित होती है। कीट का प्रकोप दिखते ही विभाग ने एजाडिरैक्टिन 0.15 प्रतिशत ईसी एक लीटर, या डायमेथोएट 30 प्रतिशत ईसी 0.4 लीटर, या ऑक्सीडीमेटान मिथाइल 25 प्रतिशत ईसी 0.4 लीटर में से किसी एक रसायन को करीब 200 से 250 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ की दर से छिड़काव करने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बारिश या कोहरे के दौरान छिड़काव नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे दवा बह जाती है और असर कम हो जाता है।

गेहूं में पीली गेरूई के लक्षण और खरपतवार नियंत्रण

गेहूं की फसल में पीली गेरूई रोग के शुरुआती लक्षण पत्तियों पर पीली धारियों के रूप में दिखाई देते हैं। हाथ की उंगलियों से इन धारियों को छूने पर पीले रंग का महीन पाउडर जैसा पदार्थ उंगलियों पर चिपक जाता है, जो इस रोग की पहचान का सबसे आसान तरीका है। लक्षण दिखते ही विभाग ने प्रोपीकोनाजोल 25 प्रतिशत ईसी 200 मिलीलीटर को 250 से 300 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ छिड़काव करने को कहा है। रोग का प्रकोप अधिक होने पर 10 से 15 दिन के अंतराल पर दूसरा छिड़काव करने की भी सलाह दी गई है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

इसके अलावा गेहूं की फसल में आमतौर पर पाए जाने वाले गेहूं का मामा (फालारिस माइनर) और जई जैसे खरपतवार भी उपज को प्रभावित करते हैं। विभाग के मुताबिक इन्हें एक या दो बार हाथ से निराई करके भी नियंत्रित किया जा सकता है। जो किसान रासायनिक नियंत्रण करना चाहते हैं, वे बुआई के 25 से 30 दिन बाद सल्फोसल्फ्यूरॉन 75 प्रतिशत डब्ल्यूजी 33 ग्राम, या सल्फोसल्फ्यूरॉन 75 प्रतिशत प्लस मेटसल्फ्यूरॉन मिथाइल 5 प्रतिशत की 40 ग्राम मात्रा को 500 से 600 लीटर पानी में घोलकर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव कर सकते हैं।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

कृषि रक्षा विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने खेतों की नियमित निगरानी करें और किसी भी रोग या कीट के लक्षण दिखते ही तुरंत अनुशंसित मात्रा में ही रसायन का छिड़काव करें, ताकि फसल को समय रहते सुरक्षित किया जा सके। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी रसायन का इस्तेमाल करने से पहले पैकेट पर दी गई सावधानियों और मात्रा का ध्यान जरूर रखा जाए, ताकि फसल के साथ-साथ किसानों की सेहत भी सुरक्षित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture