केले के तने से रेशा बनाकर आत्मनिर्भर बनीं रिंकु
08 सितंबर 2026, बड़वानी: केले के तने से रेशा बनाकर आत्मनिर्भर बनीं रिंकु – जिले में केले की प्रचुर खेती को स्वरोजगार का आधार बनाते हुए विकासखंड बड़वानी के ग्राम एकलरा बसाहट की श्रीमती रिंकु आशीष कुमावत ने स्वावलंबन की एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना के वित्तीय सहयोग से माँ नर्मदा बनाना फाइबर नाम से केले के तने से रेशा (फाइबर) निकालने की प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। गत दिनों बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता ने इस प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण कर किए गए प्रयास की सराहना की।
स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली इस योजना के तहत ₹6.50 लाख के निवेश से श्रीमती रिंकु कुमावत ने बनाना फाइबर प्रसंस्करण मशीनरी स्थापित कर अपनी उद्यमिता यात्रा की शुरुआत की। इस इकाई के माध्यम से वह न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि क्षेत्र के 5 अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं। इकाई में प्रतिदिन लगभग 30 किलोग्राम गुणवत्तापूर्ण रेशा तैयार किया जा रहा है। निर्मित रेशे को सुखाकर गुजरात के सूरत और अंकलेश्वर के बाजारों में गुणवत्ता के आधार पर ₹120 से ₹250 प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जा रहा है। इस रेशे का उपयोग मुख्य रूप से टोकरी, चटाई, झाड़ू, बैग और इको-फ्रेंडली पेपर बनाने में किया जाता है। रेशा निकालने के दौरान तने से निकलने वाले तरल पदार्थ (एक्सट्रेक्ट) का उपयोग सब्जियों पर छिड़काव के लिए जैविक खाद/कीटनाशक के रूप में किया जा रहा है।
जिले के अन्य युवाओं एवं महिलाओं से भी शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर नए विचारों पर आधारित उद्यम स्थापित कर सकते है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, मध्य प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को स्व-रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना संचालित की जा रही हैं जिसके अंतर्गत औद्योगिक एवं विनिर्माण इकाइयों के लिए ₹50,000 से ₹50 लाख तक तथा सेवा एवं खुदरा व्यवसाय हेतु ₹50,000 से ₹25 लाख तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। 18 से 45 वर्ष की आयु वर्ग के न्यूनतम 8वीं कक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसके पात्र हैं। इच्छुक आवेदक ‘SAMAST’ पोर्टल या samast.mponline.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, तथा विस्तृत जानकारी हेतु अपने जिले के महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


