राज्य कृषि समाचार (State News)

छत्तीसगढ़ बीज निगम की समीक्षा बैठक, किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज देने पर विशेष जोर

12 सितंबर 2026, रायपुर: छत्तीसगढ़ बीज निगम की समीक्षा बैठक, किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज देने पर विशेष जोर – छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम को अधिक सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर की अध्यक्षता में गुरुवार को निगम मुख्यालय, रायपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आत्मनिर्भर दलहन योजना, बीज उत्पादन कार्यक्रम, किसानों एवं सहकारी समितियों के पंजीयन और निगम की वित्तीय स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

अध्यक्ष ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, समयबद्ध कार्यप्रणाली और वित्तीय अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रबंध संचालक सहित मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और सभी बीज प्रबंधक उपस्थित रहे।

अधिक किसानों को बीज उत्पादन कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश

निगम अध्यक्ष चंद्राकर ने आत्मनिर्भर दलहन योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी बीज प्रबंधकों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम करने और योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने साथी पोर्टल पर किसानों और सहकारी समितियों के पंजीयन की भी समीक्षा की। पंजीयन कार्य समय-सीमा में पूरा करने और अधिक से अधिक किसानों को बीज उत्पादन कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर दिया गया। अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को बीज उत्पादन की प्रक्रिया और संबंधित तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित किए जाएं, ताकि आगामी बीज उत्पादन कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो सके।

वसूली से वित्तीय स्थिति में सुधार

अध्यक्ष चंद्राकर ने कहा कि समयबद्ध कार्यप्रणाली और वसूली पर विशेष ध्यान देने से बीज निगम की वित्तीय स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने पुराने बीज की राशि की वसूली, कृषक अंश की प्राप्ति और मुख्यालय को भेजे जाने वाले आंकड़ों के सत्यापन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम की वित्तीय स्थिति को और मजबूत बनाने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करें।

ई-ऑफिस से समय पर पूरे हों सरकारी काम

प्रबंध संचालक ने सभी बीज प्रबंधकों को शासकीय कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यों का संचालन, एलएस एवं जेकेएस से संबंधित कार्यों का समय पर निष्पादन और ऑडिट आपत्तियों की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर दिया। इसके साथ ही गूगल शीट को प्रतिदिन अपडेट रखने, मुख्यालय को भेजी जाने वाली जानकारी और आंकड़ों की सावधानीपूर्वक जांच करने के निर्देश दिए गए। खरीफ और रबी फसलों की ग्रेडिंग एवं पैकिंग समय पर पूरी करने के साथ कार्यालयीन पंजियों को भी अपडेट और व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।

अमानक बीज मिलने पर होगी कार्रवाई

बैठक में बीज की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने पर जोर दिया गया। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अमानक बीज पाए जाने की स्थिति में संबंधित संस्था की टेस्ट रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

जरूरत के अनुसार ही किया जाए बीज का भंडारण

अध्यक्ष  चंद्राकर ने बीज बचत की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कहा कि कृषि विभाग की मांग के आधार पर बीज का भंडारण किया जाए। इसके लिए पूर्व वर्षों के आंकड़ों को बेंचमार्क मानते हुए आवश्यकता के अनुरूप ही बीज का भंडारण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे अनावश्यक बीज बचत के कारण निगम को होने वाली वित्तीय क्षति को रोका जा सकेगा।

मैदानी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय के निर्देश

अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में अधिकारी पूरी तैयारी और आत्मचिंतन के साथ उपस्थित हों। उन्होंने अधिकारियों को अपने पद की गरिमा के अनुरूप सजगता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर की टीएल बैठक और संबंधित अधिकारियों से समन्वय करने को कहा गया। समस्या का समाधान नहीं होने पर मुख्यालय को लिखित रूप से अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निगम की कार्यप्रणाली और साख प्रभावित न हो।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture