Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

राजस्थान: सूखा प्रभावित 5 जिलों के किसानों को मिलेगी मदद, 110 करोड़ की परियोजना के लिए हुआ MoU

21 नवंबर 2026, जयपुर: राजस्थान: सूखा प्रभावित 5 जिलों के किसानों को मिलेगी मदद, 110 करोड़ की परियोजना के लिए हुआ MoU – राजस्थान के किसानों को सूखे की चुनौती से निपटने में सक्षम बनाने और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत शुक्रवार को कृषि विभाग, राजस्थान और दो तकनीकी संस्थानों इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर द सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स (ICRISAT), हैदराबाद तथा सेंट्रल एरिड ज़ोन रिसर्च इंस्टीट्यूट (CAZRI), जोधपुर के बीच त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस सूखा न्यूनीकरण परियोजना के लिए 110 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।

पांच सूखा प्रभावित जिलों में लागू होगी परियोजना

राष्ट्रीय आपदा राहत कोष एवं राज्य आपदा राहत कोष से वित्त पोषित इस परियोजना को प्रदेश के पांच सूखा प्रभावित जिलों जैसलमेर, नागौर, चूरू, जोधपुर और बाड़मेर में लागू किया जा रहा है। इसके तहत ICRISAT की ओर से जैसलमेर, नागौर और चूरू में, जबकि CAZRI की ओर से जोधपुर और बाड़मेर में तकनीकी सहयोग दिया जाएगा। दोनों संस्थानों के विशेषज्ञ संबंधित क्षेत्रों की जलवायु और कृषि परिस्थितियों के अनुसार उन्नत फसल प्रबंधन तकनीकों, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और प्रभावी कृषि मॉडलों के विकास एवं प्रसार में सहयोग करेंगे।

किसानों को मिलेंगी जलवायु अनुकूल खेती की तकनीकें

इस साझेदारी के माध्यम से किसानों को जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों, बेहतर फसल प्रबंधन और वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। इससे कृषि सूखे के प्रभाव को कम करने और उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी। साथ ही फसल उत्पादन और कृषि उत्पादकता को स्थिर बनाए रखने पर भी जोर दिया जाएगा। इस पहल से विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के शुष्क एवं अर्ध-शुष्क क्षेत्रों के किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य किसानों की सूखे जैसी परिस्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ाने के साथ कृषि को अधिक सक्षम और टिकाऊ बनाना है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

तीन संस्थानों के बीच हुआ समझौता

इस त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर कृषि विभाग, राजस्थान की ओर से आयुक्त कृषि नरेश गोयल, ICRISAT हैदराबाद की ओर से महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक और CAZRI जोधपुर की ओर से निदेशक डॉ. हनुमान सहाय जाट ने हस्ताक्षर किए। यह पहल प्रदेश में जलवायु अनुकूल और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के साथ सूखा प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ने में मदद करेगी। इससे कृषि क्षेत्र की चुनौतियों से निपटने और फसल उत्पादन को स्थिर बनाए रखने की दिशा में काम किया जाएगा।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture