इंदौर जिले में पहली बार महिला किसान ने किया पैशन फ्रूट की खेती का नवाचार
कृषि अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों ने किया निरीक्षण
21 नवंबर 2026, इंदौर: इंदौर जिले में पहली बार महिला किसान ने किया पैशन फ्रूट की खेती का नवाचार – प्रदेश में पहली बार पैशन फ्रूट (कृष्णा फल) की खेती का नवाचार इंदौर जिले में किया गया है। महू के समीप ग्राम पिवलाय की प्रगतिशील महिला किसान श्रीमती स्वाति नामदेव ने अपने खेत में पैशन फ्रूट का सफल उत्पादन प्रारंभ कर जिले के अन्य किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। इंदौर की जलवायु में इस नवीन फल की खेती की सफलता को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा बुधवार को उनके खेत पर जिले के विभिन्न विकास खंडों के 50 किसानों का एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया।

संयुक्त संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य किसानों को नवीन फसलों एवं खेती की उन्नत तकनीकों से परिचित कराना तथा कृषि में नवाचार के लिए प्रेरित करना है। भ्रमण के दौरान किसानों को पैशन फ्रूट की खेती, इसकी उपयोगिता, उत्पादन की संभावनाओं एवं इंदौर की जलवायु में इसकी अनुकूलता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस नवाचार में अन्य किसानों ने भी रुचि दिखाई है। विशेष रूप से उज्जैन जिले के किसानों ने भी पैशन फ्रूट की खेती की संभावनाओं को लेकर रुचि व्यक्त की। इसे देखते हुए कृषि विभाग द्वारा उज्जैन के इच्छुक किसानों को भी एक्सपोजर विजिट में शामिल किया गया।
इस अवसर पर परियोजना संचालक आत्मा इंदौर श्रीमती शर्ली थॉमस ने भी किसानों से संवाद किया और उन्हें पारंपरिक खेती के साथ-साथ नई एवं लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। भ्रमण के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों की टीम ने पैशन फ्रूट की खेती का निरीक्षण किया तथा इसके उत्पादन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। महिला किसान श्रीमती स्वाति नामदेव द्वारा किए गए इस नवाचार से जिले के अन्य किसानों को भी नई फसलों की खेती अपनाने तथा कृषि में विविधीकरण के लिए प्रेरणा मिलेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


