रायपुर : बस्तर जिले में पहले दिन के लिए 50.44 मीट्रिक टन के टोकन जारी
20 नवंबर 2026, रायपुर: रायपुर : बस्तर जिले में पहले दिन के लिए 50.44 मीट्रिक टन के टोकन जारी – छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान 15 नवंबर से शुरू हो रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 88 धान खरीदी केंद्रों पर किसानों से धान खरीदा जाएगा। खरीदी के पहले दिन के लिए अब तक 13 किसानों के 50.44 मीट्रिक टन धान के टोकन जारी किए गए हैं। ये टोकन जिले के 8 खरीदी केंद्रों के लिए जारी हुए हैं।
पहले दिन के लिए 11 टोकन मोबाइल ऐप से कटे
14 नवंबर तक मिली जानकारी के अनुसार, पहले दिन धान बेचने के लिए 11 किसानों ने किसान-तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन प्राप्त किए हैं। इनके जरिए 41.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। वहीं, समितियों के माध्यम से 2 किसानों ने 9 मीट्रिक टन धान के टोकन कटवाए हैं।
खरीदी केंद्रवार जारी टोकन के अनुसार, बड़ेमारेंगा केंद्र के लिए 4 किसानों ने 19.40 मीट्रिक टन, मुली केंद्र के लिए 2 किसानों ने 8.60 मीट्रिक टन और रेतावंड/बालेगा केंद्र के लिए 2 किसानों ने 6.32 मीट्रिक टन के टोकन प्राप्त किए हैं। इसके अलावा सोनपुर केंद्र के लिए 1 किसान ने 5.76 मीट्रिक टन, नदीसागर के लिए 1 किसान ने 3.88 मीट्रिक टन, कचनार के लिए 1 किसान ने 2.48 मीट्रिक टन और बड़ानजी तथा लोहंडीगुड़ा/धुरागांव केंद्रों के लिए 1-1 किसान ने 2-2 मीट्रिक टन धान के टोकन कटवाए हैं।
इस साल 9 नए खरीदी केंद्र खोले गए
दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को सुविधा देने के उद्देश्य से इस साल जिले में 9 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। जिले में अब तक कुल 51,068 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इन किसानों का कुल पंजीकृत रकबा 67,538.0160 हेक्टेयर है। धान खरीदी के लिए जारी होने वाले कुल टोकन में से 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से और 30 प्रतिशत टोकन खरीदी केंद्रों या समितियों के जरिए जारी किए जाएंगे। किसानों की पंजीकृत भूमि के आधार पर टोकन की संख्या निर्धारित की गई है। इसके तहत सीमांत किसानों को अधिकतम 1, छोटे किसानों को 2 और बड़े किसानों को अधिकतम 3 टोकन मिल सकेंगे।
टोकन और धान तौलने के लिए तय किए गए नियम
किसान-तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे टोकन के लिए पंजीयन कर सकेंगे। शनिवार, रविवार और शासकीय अवकाश के दिनों में धान का तौल नहीं किया जाएगा। टोकन जारी होने की तारीख पर ही धान तौलने की तारीख का चयन नहीं किया जा सकेगा।
इसके अलावा केवल उन्हीं किसानों को टोकन जारी होंगे, जिनके बैंक खाते और ऋण खातों का सत्यापन पूरा हो चुका है। धान की प्रत्येक बोरी की एंट्री 0.40 क्विंटल के हिसाब से करना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने पंजीकृत किसानों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त करने की अपील की है, ताकि धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके। जिले में 15 नवंबर से शुरू होने वाला धान खरीदी अभियान 15 जनवरी तक चलेगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


