नर्मदापुरम : किसानों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
11 अगस्त 2026, नर्मदापुरम: नर्मदापुरम : किसानों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना हमारा लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में कृषकों के कल्याण के लिए 16 विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। किसान पूरी लगन और मेहनत से खेती करें, अगले सीजन से खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली की व्यवस्था की जा रही है। हमारा उद्देश्य खेती की आमदनी को दोगुना करने के साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से कृषकों के लिए सहायक आय की व्यवस्था करना है। प्रदेश में सांची ब्रांड के आधार पर दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से 20 प्रतिशत ले जाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गौतम टेटवाल तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने राजगढ़ को कई सौगातें दी है। हाइवे के साथ अब राजगढ़ की पहचान औद्योगिक क्षेत्र के रूप में हो रही है। मोहनपुरा कुंडालिया डैम से जिले में सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ है। आने वाले समय में चंबल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से जिले को और भी लाभ मिलेगा। सिंचाई सुविधा के विस्तार और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध हो रहे अवसरों से राजगढ़ जिले की छवि को बदलने में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं उत्पादक किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया है। हमारी सरकार ने प्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया है। किसानों को सोयाबीन के लिए भावांतर की सुविधा उपलब्ध करवाई गई, किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दी जाने वाली राशि सीधे किसान के खाते में आ रही हैं। लाड़ली बहनों को भी राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी इन कल्याणकारी गतिविधियों के लिए बधाई के पात्र है।
कवच योजना से दूर हुई हजारों किसानों की चिंता – मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘कवच योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से किसान द्वारा दोबारा बैंक ऋण और फसल ऋण प्राप्त कर सकते हैं। किसानों की चिंता दूर हुई है और किसान बैंकिंग व्यवस्था की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत प्रदेश में किसानों के मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को प्रेरित किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

