राज्य कृषि समाचार (State News)

लखपति दीदी: ग्रामीण महिलाओं की आय 1 लाख रुपए तक पहुंचाने पर जोर, आजीविका के नए अवसरों पर चर्चा

17 सितंबर 2026, जयपुर: लखपति दीदी: ग्रामीण महिलाओं की आय 1 लाख रुपए तक पहुंचाने पर जोर, आजीविका के नए अवसरों पर चर्चा – ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के विविध अवसरों से जोड़कर उनकी वार्षिक घरेलू आय 1 लाख रुपए या उससे अधिक करने के उद्देश्य से जयपुर में बुधवार को लखपति दीदी स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण विकास विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने की। इसमें विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों को स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा इन्हें महिलाओं की स्थानीय जरूरतों, आजीविका गतिविधियों और आय बढ़ाने की संभावनाओं से जोड़ने पर चर्चा की गई। विभागों की योजनाओं, संसाधनों और विशेषज्ञता के समन्वित उपयोग से ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित करने और मौजूदा आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

कृषि से पर्यटन तक आय के अवसर

अंतर-विभागीय समन्वय और प्रभावी अभिसरण (कन्वर्जेंस) के जरिए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और उनके लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने की कार्यप्रणाली पर विचार-विमर्श किया गया। महिलाओं को कृषि, पशुपालन, सूक्ष्म उद्यम, कौशल विकास, पर्यटन और अन्य संभावित आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आय के स्थायी एवं विविध अवसर विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में कहा गया कि विभागीय योजनाओं का लाभ केवल पात्रता तक सीमित न रहे, बल्कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की वास्तविक जरूरतों, स्थानीय परिस्थितियों और आर्थिक गतिविधियों के अनुरूप उन तक पहुंचे। योजनाओं के बेहतर समन्वय से महिलाओं की आय बढ़ाने, आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत करने और अधिक से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

लखपति दीदी स्टीयरिंग कमेटी के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और संसाधनों के प्रभावी अभिसरण से ग्रामीण महिलाओं की आय वृद्धि और आर्थिक सशक्तिकरण को गति देने के लिए एकीकृत प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और इनके लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने पर बल दिया गया।

बैठक में डीआईजी पुलिस पंकज चौधरी, अतिरिक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. जागेश्वर प्रसाद, कमिश्नर VBGRAMG पुष्पा सत्यानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture