कृषि लोकरंग–2026: युवा किसानों को उन्नत खेती से जोड़ने का महाअभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
14 जनवरी 2026, भोपाल: कृषि लोकरंग–2026: युवा किसानों को उन्नत खेती से जोड़ने का महाअभियान – मध्यप्रदेश में 26 से 30 जनवरी तक ‘कृषि लोकरंग–2026’ को पूर्ण गरिमा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन ग्राम पंचायत और विकासखंड स्तर तक आयोजित कर उन्नत खेती, नवाचार और कृषि उद्यमिता के प्रति विशेष रूप से युवा किसानों को जागृत करने का सशक्त माध्यम बनेगा|
बैठक में संस्कृति मंत्री श्री धर्मेंद्र लोधी , मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्री श्रीराम तिवारी , कृषि उत्पादन आयुक्त श्री अशोक बरनवाल , अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई , कृषि सचिव श्री निशांत वरबडे, जनसंपर्क आयुक्त श्री दीपक सक्सेना , श्री आलोक सिंह सचिव मुख्य मंत्री उपस्थित थे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कृषि लोकरंग–2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि लोकरंग केवल उत्सव नहीं, बल्कि किसानों के ज्ञान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तिकरण का पर्व है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान देशज बीजों के संग्रहण एवं संचयन को प्रोत्साहित करने हेतु प्रतियोगिताएं, लखपति किसानों की प्रतियोगिता, उत्तम नर्सरी एवं बगीचा विकसित करने वाले किसानों का सम्मान तथा सफल किसानों के एग्री-बिजनेस मॉडल प्रस्तुत किए जाएं। इन मॉडलों से अन्य किसान भी प्रेरणा लेकर आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकें।
डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘कृषि कैबिनेट’ का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही किसान कल्याण एवं स्वाभिमान पर्व, कृषि ग्राम सभाएं, उन्नत कृषि यंत्रों के क्रेता-विक्रेताओं के सम्मेलन तथा विभिन्न स्तरों पर कृषि उत्सव आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य खेती को लाभ का व्यवसाय बनाना है। इसके लिए परंपरागत ज्ञान, आधुनिक तकनीक और नवाचार का समन्वय आवश्यक है। कृषि लोकरंग–2026 इसी सोच को धरातल पर उतारने का प्रयास है, जिसमें किसान स्वयं अपने अनुभव साझा करेंगे और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देंगे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन को जनभागीदारी से जोड़ते हुए ऐसा स्वरूप दिया जाए, जिससे हर किसान स्वयं को इससे जुड़ा महसूस करे।
कृषि लोकरंग–2026, मध्यप्रदेश की खेती को नई दिशा देने वाला एक व्यापक अभियान सिद्ध होगा—जहां परंपरा, प्रगति और प्रेरणा एक साथ नजर आएगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


