राज्य कृषि समाचार (State News)

छिंदवाड़ा के कैलाश पवार ने पॉलीहाउस में की गोल्डन बेरी और रास्पबेरी की खेती

03 मार्च 2026, छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा के कैलाश पवार ने पॉलीहाउस में की गोल्डन बेरी और रास्पबेरी की खेती – मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छिंदवाड़ा ज़िला नवाचार और आधुनिक खेती के क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहा है। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में जिले के किसान नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर रहे हैं। इन नवाचारी किसानों में एक प्रमुख नाम है, मोहखेड़ विकासखंड के ग्राम भुताई के किसान श्री कैलाश पवार का।श्री कैलाश पवार केवल दसवीं तक शिक्षित हैं, लेकिन सोच और कार्यशैली में किसी कृषि विशेषज्ञ से कम नहीं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने नवाचार को अपना हथियार बनाया और जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर पहचान बनाई।

प्रदेश में पहली बार पॉलीहाउस में गोल्डन बेरी और रास्पबेरी की खेती – कृषक श्री कैलाश पवार ने एक एकड़ में पॉलीहाउस के माध्यम से गोल्डन बेरी और रास्पबेरी की खेती कर प्रदेश में पहला सफल प्रयोग किया। इन पौधों को उन्होंने महाबलेश्वर (पुणे) से मंगवाकर छिंदवाड़ा में रोपित किया। जिससे उन्हें वर्तमान में गोल्डन बेरी की नागपुर एवं रायपुर बाजार में कीमत ₹200 प्रति किलो के मान से लगभग ₹3 लाख प्रति एकड़ और रास्पबेरी की ₹2000 प्रति किलो के मान से लगभग ₹5 लाख प्रति एकड़ का अनुमानित लाभ मिलना संभावित है। यह प्रयोग जिले में उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहा है।

स्ट्रॉबेरी से कमाया 35 लाख का शुद्ध मुनाफा – पिछले वर्ष कृषक श्री कैलाश पवार ने 6 एकड़ में स्ट्रॉबेरी की खेती कर लगभग ₹35 लाख का शुद्ध लाभ अर्जित किया। इस वर्ष भी 6 एकड़ में स्ट्रॉबेरी की फसल तैयार की गई है, जिससे प्रति एकड़ लगभग ₹5 लाख का मुनाफा प्राप्त हो रहा है।

जी-9 केले का विस्तार, ब्लू बेरी का भी नवाचार – कृषक श्री कैलाश पवार ने इस वर्ष 18 एकड़ में जी-9 केला लगाकर एक और बड़ा नवाचार किया है। वर्तमान बाजार दर के अनुसार प्रति एकड़ ₹2 से ₹3 लाख तक मुनाफे की संभावना है। इसके साथ ही कृषक श्री कैलाश  पवार ने नवाचार करते हुए पहली बार ब्लू बेरी भी एक एकड़ में लगाई है।

प्रशासन और कृषि वैज्ञानिकों की मिल रही है सराहना – कृषक श्री पवार के प्रयासों और नवाचारों को जिला प्रशासन, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की टीम द्वारा सराहना की जा रही है। अभी हाल ही में जबलपुर संभाग के संयुक्त संचालक कृषि, उप संचालक कृषि छिंदवाड़ा, कृषि विज्ञान केंद्र छिंदवाड़ा के वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग की टीम द्वारा कृषक के खेतों में पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया गया और इन नवाचार की सराहना की गई है। कृषक श्री कैलाश पवार की पहल को जिले के अन्य किसानों के लिए मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements