Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

सीसीआई ने 6 लाख 29 हजार क्विंटल कपास खरीदा

24 नवम्बर 2020, इंदौर। सीसीआई ने 6 लाख 29 हजार क्विंटल कपास खरीदा – भारतीय कपास निगम (सीसीआई ) द्वारा कपास की खरीदी जारी है l सीसीआई द्वारा गुरूवार तक 6 लाख क्विंटल कपास की खरीदी की जा चुकी है l दूसरी ओर सनावद क्षेत्र के किसानों ने सीसीआई द्वारा उनका कपास नहीं खरीदने और मापदंड का पालन नहीं करने की शिकायत की है l

बता दें कि सीसीआई द्वारा प्रति वर्ष कपास की खरीदी की जाती है l इस वर्ष भी संभाग में 19 खरीदी केंद्र बनाए हैं , जहां किसान अपनी कपास की उपज निर्धारित मापदंडों की होने पर सीसीआई को बेच सकता है l उधर, सनावद क्षेत्र के किसानों ने सीसीआई पर उनका कपास नहीं खरीदने के आरोप लगाए हैं l किसान श्री विक्रम मंडलोई ग्राम मर्दाना का कहना है कि कपास की 100 गाड़ी में से करीब 20 गाड़ी कपास ही सीसीआई द्वारा खरीदा जा रहा है , शेष 80 गाड़ी कपास वाले किसानों के माल में कोई न कोई कमी बताकर खरीदने से इंकार किया जा रहा है l बता दें कि इसे लेकर सनावद और भीकनगांव मंडी में किसान पूर्व में हंगामा भी कर चुके हैं l इस कारण कुछ घंटे कपास की खरीदी भी बंद रही थी l प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर खरीदी फिर शुरू हो सकी थी l किसान सीसीआई अधिकारियों और व्यापारियों के बीच सांठ -गांठ के आरोप भी लगा चुके हैं l जबकि सीसीआई वाले निर्धारित मापदंडों के अनुसार कपास खरीदी करने की बात कर रहे हैं l दरअसल जिन किसानों का कपास नहीं खरीदा जा रहा है, वे अपनी शिकायत महाप्रबंधक, भारतीय कपास निगम, कपास भवन ,रेसकोर्स रोड़, इंदौर स्थित कार्यालय में व्यक्तिगत मिलकर या फोन नंबर 0731 – 2532703 पर कर सकते हैं l

इस बारे में सीसीआई के महाप्रबन्धक श्री मनोज बजाज (इंदौर) ने कृषक जगत को बताया कि कल शुक्रवार तक 6 लाख 29 हजार क्विंटल कपास की खरीदी की जा चुकी है l भारत सरकार के मापदंडों के अनुसार सीसीआई द्वारा 8 -12 % नमी के साथ एफएक्यू वाला कपास खरीदा जाता है l जब कृषक जगत ने खरगोन जिले के सनावद में सीसीआई द्वारा किसानों का कपास नहीं खरीदने की शिकायत का जिक्र किया तो श्री बजाज ने कहा कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है lसीसीआई द्वारा निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए खरीदी की जाती है l कपास की नमी जांचने के लिए उपकरण भी दिए गए हैं , जिनका इस्तेमाल होते देखा जा सकता है l यदि किसी किसान को कोई शिकायत है तो वह अपने नाम , मोबाईल नंबर, गाड़ी नंबर (जिसमें कपास लाया) और मंडी में आने की तारीख के साथ मुझे शिकायत करें l संबंधित मंडी में इसके विवरण का रजिस्टर रखा जाता है l मंडी सचिव से पुष्टि के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी l

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

महत्वपूर्ण खबर : शरद के नवाचार ने बढ़ाई प्रदेश की शान

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें