धार में आयोजित हुई चार FPC की संयुक्त आम सभा, 1400 से अधिक महिला किसानों ने लिया हिस्सा
22 सितंबर 2026, धार: धार में आयोजित हुई चार FPC की संयुक्त आम सभा, 1400 से अधिक महिला किसानों ने लिया हिस्सा – किसान उत्पादक कंपनियों (FPC) को मजबूत बनाने, सामूहिक व्यवसाय को बढ़ावा देने तथा कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से धार में चार FPC की संयुक्त आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1400 से अधिक महिला किसान एवं सदस्य शामिल हुए। संयुक्त आम सभा में VBM Farmer Producer Company, खेरोद; Karmath Kisan Farmer Producer Company, बिडवाल; Nalchha Farmer Producer Company, सोडपुर तथा Tirla Farmer Producer Company, मोहनपुर के सदस्य एवं संचालक मंडल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन एवं FPC के संस्थागत सशक्तिकरण में SRIJAN की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धार पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा रहे। साथ ही विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें कृषि विभाग के डीडी विजय चौरसिया, KVK के टेक्निकल ऑफिसर मंडलोई, NRM से प्रमोद दोसाने, ATMA से त्रिलोक छावनियां तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की ओर से प्रतिनिधि राजेश सिंह तंवर शामिल रहे। SRIJAN की ओर से प्रोग्राम डायरेक्टर सर्वेश कुमार, प्रोग्राम मैनेजर श्रीकांता जी, सुश्री रीना सूर्यवंशी, अंशु कुमार तथा CARD से रूपक त्रिवेदी सहित टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान कृषि, महिला सशक्तिकरण, सामूहिक व्यवसाय, बाजार से जुड़ाव एवं FPC के भविष्य के व्यवसाय विस्तार पर चर्चा की गई। SRIJAN पिछले तीन वर्षों से इन चारों FPC के संस्थागत विकास, क्षमता निर्माण एवं तकनीकी मार्गदर्शन में सहयोग कर रहा है। चारों FPC ने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से पिछले एक वर्ष में लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय किया है। कार्यक्रम में 1400 से अधिक महिला किसानों की सहभागिता विशेष आकर्षण रही। संयुक्त आम सभा ने किसानों और महिला किसानों को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां उन्होंने अपने अनुभव साझा किए तथा FPC को और मजबूत बनाने एवं व्यवसायिक गतिविधियों के विस्तार के लिए सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


