सिवनी-छिंदवाड़ा में बढ़ेगी सिंचाई सुविधा, 3 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को मिलेगा पानी
25 नवंबर 2026, सिवनी: सिवनी-छिंदवाड़ा में बढ़ेगी सिंचाई सुविधा, 3 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को मिलेगा पानी – मध्यप्रदेश के सिवनी और छिंदवाड़ा जिले में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने जा रहा है। वेनगंगा कछार के अंतर्गत निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं के पूरा होने से लगभग 3 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मंत्रालय में आयोजित बैठक में इन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष रूप से सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में संचालित सिंचाई परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति, नहरों के विकास और जल वितरण व्यवस्था पर चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। परियोजनाओं का लाभ किसानों तक समय पर पहुंचाना विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
इन सिंचाई परियोजनाओं की हुई समीक्षा
जल संसाधन मंत्री ने पेंच व्यपवर्तन परियोजना की नहरों के निर्माण, छिंदवाड़ा सिंचाई परियोजना, पेंच माइक्रो-1 एवं माइक्रो-2, शेर सिंचाई परियोजना तथा मछरेवा और मांडवा सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजनाओं के विभिन्न घटकों के निर्माण में बेहतर समन्वय स्थापित कर काम में तेजी लाने को कहा।
मंत्री सिलावट ने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण में अनावश्यक देरी से लागत और संसाधनों पर असर पड़ता है। इसके साथ ही किसानों को मिलने वाले लाभ में भी विलंब होता है। इसलिए परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और मैदानी स्तर पर निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जाए।
नहरों के रखरखाव और जल वितरण पर भी जोर
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं के निर्माण के साथ नहरों के समुचित रखरखाव और जल वितरण व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाए। उपलब्ध जल का अधिकतम सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि सिंचाई का लाभ अंतिम छोर पर स्थित किसानों तक भी पहुंच सके। उन्होंने नहरों के निर्माण और रखरखाव की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम होगी। साथ ही फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और कृषि आधारित आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी। जल संसाधनों का प्रबंधन भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए और प्रत्येक बूंद पानी का समुचित उपयोग सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
हर 15 दिन में होगी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
जल संसाधन मंत्री ने विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं के लिए विस्तृत और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें परियोजनावार शेष कार्यों, उनकी प्राथमिकताओं और पूरा करने की समय-सीमा का स्पष्ट निर्धारण करने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक 15 दिन में परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाए।
वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता की जांच करेंगे। निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम में आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि समीक्षा बैठकों में प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट और मैदानी स्तर पर हो रहे वास्तविक कार्यों में समानता होनी चाहिए। अधिकारी केवल रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा न करें, बल्कि निर्माण स्थलों पर पहुंचकर भी कार्यों का निरीक्षण करें।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा कर उनका लाभ किसानों तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, बेहतर कार्ययोजना और प्रभावी समन्वय के माध्यम से परियोजनाओं को गति देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के निर्माण के साथ उनके दीर्घकालिक संचालन, रखरखाव और जल प्रबंधन की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। बैठक में जल संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव, प्रमुख अभियंता विनोद कुमार देवड़ा, मुख्य अभियंता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


