राज्य कृषि समाचार (State News)

किसान कल्याण वर्ष में हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का है संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. यादव  

28 जनवरी 2026, भोपाल: किसान कल्याण वर्ष में हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का है संकल्प : मुख्यमंत्री डॉ. यादव – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को हर क्षेत्र में लगातार बड़ी सौगातें मिल रही हैं। बीते 11 वर्षों में देश के साथ-साथ प्रदेश ने भी विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है और इस पूरे वर्ष में किसानों के हित में कई बड़े और प्रभावी फैसले लिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचे, ताकि किसानों की आय बढ़े और खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा बुंदेलखंड से शुरू किया गया केन-बेतवा नदी जोड़ो अभियान पूरा होने के बाद क्षेत्र के कई जिलों में सिंचाई की स्थिति में ऐतिहासिक सुधार आएगा और किसानों के खेतों में हरियाली लौटेगी।

नर्मदापुरम को मिली 215 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मंगलवार को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में नर्मदापुरम जिले की दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं के लिए 215 करोड़ 47 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं से सोहागपुर और पिपरिया क्षेत्र के किसानों के साथ-साथ स्थानीय जनजातीय भाई-बहनों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की प्रगति में कोई कसर नहीं छोड़ रही है और विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री निवास में हुआ अभिनंदन समारोह

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार की शाम मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह ने क्षेत्रवासियों को मिली विकास सौगातों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
सोहागपुर से आए पार्टी पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और विस्थापित जनजातीय परिवारों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय अभिनंदन किया।

Advertisement
Advertisement

विरासत भी और विकास भी: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का वार्षिक बजट अब 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राज्य सरकार औद्योगिक विकास को गति देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब जमीन पर दिखाई देने लगे हैं।

Advertisement
Advertisement

उन्होंने बताया कि नर्मदापुरम जिले में बाबई-मोहासा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे सोहागपुर-पिपरिया और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को आने वाले समय में रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विरासत के संरक्षण के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। गरीब, किसान, युवा और नारी कल्याण के लिए लगातार जनहितैषी निर्णय लिए जा रहे हैं। पचमढ़ी में कैबिनेट बैठक आयोजित कर क्षेत्र के गौरव राजा भभूत सिंह को स्मरण किया गया, वहीं इंदौर, खजुराहो और ग्वालियर जैसे शहरों में भी कैबिनेट बैठकों के माध्यम से कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

सोहागपुर विधानसभा के 63 गांवों को मिलेगा सिंचाई का लाभ

विधायक  विजयपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश का हर कोना सिंचाई सुविधाओं से जुड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र से किया गया अपना वादा निभाया है। कैबिनेट द्वारा स्वीकृत दो परियोजनाओं से करीब 226 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र को बड़ी राहत मिलेगी।

तवा परियोजना (दायीं तट नहर) की बागरा शाखा नहर होज सिंचाई परियोजना से बाबई और सोहागपुर तहसील के 33 गांवों की 4200 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। वहीं तवा परियोजना की दायीं तट नहर से पिपरिया ब्रांच केनाल होज सिंचाई परियोजना से 6000 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। इससे सोहागपुर तहसील के 30 गांव लाभान्वित होंगे।

इन परियोजनाओं से सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के आसपास रहने वाले जनजातीय समुदाय को भी सिंचाई के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।

Advertisement
Advertisement

कार्यक्रम में रहे ये जनप्रतिनिधि उपस्थित

अभिनंदन समारोह में नर्मदापुरम लोकसभा सांसद  दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सदस्य श्रीमती माया नारोलिया, राजेंद्र सिंह,  महेश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisements
Advertisement
Advertisement

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements
Advertisement
Advertisement