धान में भूरा माहू दिखे तो खेत 2-3 दिन रखें सूखा, नाइट्रोजन-यूरिया का अधिक इस्तेमाल न करें; कृषि विभाग ने दी सलाह
27 सितंबर 2026, भोपाल: धान में भूरा माहू दिखे तो खेत 2-3 दिन रखें सूखा, नाइट्रोजन-यूरिया का अधिक इस्तेमाल न करें; कृषि विभाग ने दी सलाह – मध्यप्रदेश के कटनी जिले में धान की फसल को कीट व्याधियों से सुरक्षित रखने के लिए कृषि विभाग द्वारा मैदानी स्तर पर फसलों की निगरानी और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कुछ क्षेत्रों में धान की फसल में कीट व्याधि के प्रभाव को देखते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले को गांवों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का सतत निरीक्षण करने तथा किसानों को कीट व्याधि की पहचान, रोकथाम और नियंत्रण की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर के निर्देश के पालन में कृषि विस्तार अधिकारी किसानों के खेतों का लगातार भ्रमण कर रहे हैं। अधिकारी फसल की स्थिति का जायजा लेने के साथ संभावित कीट एवं व्याधि के प्रकोप की निगरानी कर रहे हैं। किसानों को फसल की वर्तमान स्थिति के अनुसार आवश्यक सावधानियां बरतने और समय पर नियंत्रण उपाय अपनाने की तकनीकी सलाह भी दी जा रही है।
भूरा माहू की रोकथाम के लिए खेत में रखें जल निकासी की व्यवस्था
कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि धान की फसल में भूरा माहू के नियंत्रण के लिए खेत में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें और खेत को 2-3 दिन सूखा रखें। किसानों को नाइट्रोजनयुक्त उर्वरक और यूरिया का अत्यधिक प्रयोग नहीं करने तथा संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही खेत की मेड़ों को घास और खरपतवार से मुक्त रखने को कहा गया है, ताकि कीट के प्रकोप को नियंत्रित किया जा सके।
प्रकोप दिखाई देने पर किसी एक अनुशंसित रसायन का करें उपयोग
कृषि विभाग के अनुसार रासायनिक नियंत्रण के लिए किसानों को एक समय में किसी एक अनुशंसित रसायन का ही उपयोग करना चाहिए। भूरा माहू के नियंत्रण के लिए पायमेट्रोजिन 50 प्रतिशत डब्ल्यूजी 300 ग्राम प्रति हेक्टेयर, डायनोटेफ्यूरोन 70 प्रतिशत डब्ल्यूजी 85 ग्राम प्रति हेक्टेयर, डायनोटेफ्यूरोन 20 प्रतिशत एसजी 250 ग्राम प्रति हेक्टेयर, डायनोटेफ्यूरोन 15 प्रतिशत डब्ल्यूजी + पायमेट्रोजिन 45 प्रतिशत डब्ल्यूजी 330 ग्राम प्रति हेक्टेयर, थायोमेथेक्जाम 25 प्रतिशत डब्ल्यूजी 100-120 ग्राम प्रति हेक्टेयर अथवा इमीडाक्लोप्रिड 17.8 प्रतिशत एसएल 200-250 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर की दर से उपयोग किया जा सकता है।
इसके अलावा फिप्रोनिल 3 प्रतिशत + ब्यूप्रोफेजिन 22 प्रतिशत 500 मिलीलीटर प्रति हेक्टेयर तथा ब्यूप्रोफेजिन 15 प्रतिशत + एसीफेट 35 प्रतिशत 50 ग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से भी उपयोग किया जा सकता है।
छिड़काव में 500 लीटर पानी प्रति हेक्टेयर रखें
कृषि विभाग ने बताया कि दवा के उपयोग के लिए 500 लीटर पानी प्रति हेक्टेयर की मात्रा रखें। छिड़काव के दौरान पौधों को दवा के घोल से अच्छी तरह तर यानी पूरी तरह गीला करना आवश्यक है, ताकि दवा का प्रभाव बेहतर तरीके से हो सके। रासायनिक दवा के प्रभाव को बढ़ाने के लिए दवा के साथ सिलिकॉन अथवा चिपको स्प्रेडर का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।
कीट के लक्षण दिखें तो कृषि विस्तार अधिकारी से करें संपर्क
कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा किसानों को सलाह दी जा रही है कि फसल में किसी भी प्रकार के कीट या व्याधि के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क करें और विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही कीटनाशक का उपयोग करें। समय पर पहचान, सतत निगरानी और वैज्ञानिक नियंत्रण उपाय अपनाकर धान की फसल को नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


