एक ही खेत से डबल कमाई कर रहे ग्वालियर के तरुण, खेती के साथ सोलर प्लांट लगाकर बढ़ी आमदनी
22 फरवरी 2026, ग्वालियर: एक ही खेत से डबल कमाई कर रहे ग्वालियर के तरुण, खेती के साथ सोलर प्लांट लगाकर बढ़ी आमदनी – अगर सोच सकारात्मक और इरादे मजबूत हों तो गांव की जमीन भी बड़े बदलाव की नींव बन सकती है। ग्वालियर जिले के ग्राम मऊ निवासी युवा तरुण सिंह राजपूत ने इसी सोच के साथ अपने खेत को सौर ऊर्जा उत्पादन केंद्र में बदलकर ग्रामीण उद्यमिता की एक प्रेरक मिसाल प्रस्तुत की है। सोलर प्लांट के जरिए खेत से निकली सफलता की रोशनी ने तरुण को उद्यमी बना दिया है। कंप्यूटर साइंस में एमएससी की डिग्री हासिल करने के बाद तरुण के सामने नौकरी के कई अवसर थे, लेकिन उन्होंने पारंपरिक रोजगार के बजाय स्वयं का उद्यम स्थापित करने का निर्णय लिया। इसी दौरान उन्हें अपने एक मित्र से प्रेरणा मिली, जो भोपाल में सोलर प्लांट के माध्यम से सफलतापूर्वक बिजली उत्पादन कर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं।
इस अनुभव ने तरुण को नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री कुसुम सोलर योजना की जानकारी मिलने पर तरुण ने सोलर प्लांट के लिए आवेदन किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अपने खेत पर 2 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कर लिया है। यह प्लांट स्थापित करने के लिए उन्हें कुसुम सोलर योजना के तहत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के माध्यम से 6 करोड़ 20 लाख रूपये की आर्थिक सहायता मिली है। उनका सोलर संयंत्र बिजली उत्पादन के लिए तैयार है।
तरुण कहते हैं सोलर प्लांट से हमें स्थायी एवं सम्मानजनक आय का स्रोत मिल गया है। उनका कहना है कि विषय विशेषज्ञों के अनुसार इस सोलर प्लांट से उत्पादित बिजली बेचकर उन्हें हर माह औसतन 1 लाख 80 हजार रुपये की आमदनी होगी। तरुण का यह नवाचार न केवल उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता का आधार बना है, बल्कि क्षेत्र के अन्य किसानों और युवाओं के लिए भी नई दिशा दिखा रहा है।
ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में गत 18 फरवरी को आयोजित हुए किसान सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जब तरुण सिंह राजपूत को 6 करोड़ 20 लाख रुपये की सहायता राशि का चैक सौंप कर सोलर प्लांट की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं, तो वे भावुक हो गए और कहने लगे सरकार के सहयोग से आज हम उद्यमी बन पाए हैं। अब हमारा प्रयास रहेगा कि अन्य किसान और युवा भी इस क्षेत्र में आगे आएं और आत्मनिर्भर बनें। तरुण का कहना है सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ विकल्पों को अपनाकर न केवल आय बढ़ाई जा सकती है, बल्कि देश के ऊर्जा आत्मनिर्भरता अभियान में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

