फूलों की खेती से मालामाल हुए गुना के किसान गोपाल! महज डेढ़ एकड़ में कमा रहे ₹5-6 लाख तक का मुनाफा
11 अगस्त 2026, भोपाल: फूलों की खेती से मालामाल हुए गुना के किसान गोपाल! महज डेढ़ एकड़ में कमा रहे ₹5-6 लाख तक का मुनाफा – मध्यप्रदेश के गुना जिले के कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरविन्द्र धाकड़ ने शुक्रवार को ग्राम जामनेर के प्रगतिशील पुष्प उत्पादक कृषक गोपाल सैनी के खेत का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुष्प उत्पादन का अवलोकन कर कृषक की सराहना की। उद्यानिकी विभाग की पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना से लाभान्वित कृषक वर्तमान में मात्र डेढ़ एकड़ क्षेत्र में विभिन्न फूलों की खेती कर प्रतिवर्ष लगभग 5 से 6 लाख रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित कर रहे हैं। अधिकारियों ने इसे जिले के अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी मॉडल बताया।
नवरंगा, गेंदा और गुलाब सहित विभिन्न पुष्पों का हो रहा उत्पादन
भ्रमण के दौरान कृषक गोपाल सैनी ने बताया कि उन्होंने डेढ़ एकड़ क्षेत्र में नवरंगा, गेंदा एवं गुलाब सहित विभिन्न पुष्पों की खेती की है। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ मिलने से पुष्प उत्पादन का दायरा बढ़ा है और कम क्षेत्र में बेहतर आय प्राप्त हो रही है।
शीतकालीन पुष्पों की भी तैयार की कार्ययोजना
कृषक ने बताया कि आगामी माह से खेत में सेवंती, गुलदाउदी सहित अन्य शीतकालीन मौसमी पुष्पों की खेती भी शुरू की जाएगी। इसके लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर ली गई है, जिससे वर्षभर पुष्प उत्पादन जारी रखा जा सके।
अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी मॉडल
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं अन्य अधिकारियों ने खेत में पुष्पों की विविधता तथा वर्षभर उत्पादन की योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुष्प उत्पादन कम क्षेत्र में अधिक आय देने वाली लाभकारी उद्यानिकी गतिविधि है। यदि अन्य कृषक भी आधुनिक तकनीक एवं विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर इस दिशा में आगे बढ़ें तो उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

