मजदूरी से ‘लखपति दीदी’ तक का सफर: खेती व पशुपालन से बदली महिला किसान दशमी नाग की किस्मत, अब लाखों में हो रही कमाई
10 मार्च 2026, रायपुर: मजदूरी से ‘लखपति दीदी’ तक का सफर: खेती व पशुपालन से बदली महिला किसान दशमी नाग की किस्मत, अब लाखों में हो रही कमाई – छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के ग्राम पंचायत मामड़पाल मुनगा की रहने वाली दशमी नाग ने साबित कर दिया है कि असाधारण मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से कोई भी परिस्थिति बदली जा सकती है। कभी केवल मजदूरी पर निर्भर रहने वाली दशमी आज मोंगरा फूल महिला स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ने के बाद खेती, बकरीपालन और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों के माध्यम से सालाना लाखों रुपए की आय अर्जित कर रही हैं। उनकी यह सफलता न केवल आर्थिक रूप से उन्हें सशक्त बनाती है, बल्कि समाज में महिलाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक भी बन गई है।
समूह से मिली नई दिशा
दशमी नाग ने मोंगरा फूल महिला स्वयं सहायता समूह और तीरथ धारा महिला संगठन संकुल छिंदावाड़ा से जुड़कर अपनी आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत किया। समूह के माध्यम से उन्हें कुल 41,500 रुपये की वित्तीय सहायता मिली, जिसमें रिवॉल्विंग फंड, सीआईएफ और बैंक लिंकेज शामिल थे। इस सहायता के सही नियोजन और वैज्ञानिक तरीके से खेती और पशुपालन का विस्तार करने से दशमी की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।
खेती और पशुपालन से बढ़ी आमदनी
पहले धान की खेती से दशमी केवल 50 हजार रुपए कमाती थीं, जो अब बढ़कर 65 हजार रुपए हो गई है। इसी तरह बकरी पालन में उनकी आय 25 हजार रुपए से बढ़कर 55 हजार रुपए तक पहुंच गई है। मुर्गी पालन और सब्जी उत्पादन ने भी उनकी आय में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस परिवर्तन से दशमी केवल आत्मनिर्भर ही नहीं बनीं, बल्कि समाज में खुलकर संवाद करने और दूसरों को प्रेरित करने वाली प्रभावशाली महिला के रूप में उभरी हैं।
अन्य महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा
दशमी नाग का यह सफर यह दिखाता है कि यदि ग्रामीण महिलाओं को सही अवसर और मंच मिले तो वे अपनी तकदीर स्वयं बदल सकती हैं। उनका मानना है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से हर महिला जीवन में आर्थिक स्वतंत्रता और सामाजिक सम्मान हासिल कर सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

