गुना जिले में नरवाई प्रबंधन हेतु कृषक चौपाल का आयोजन
11 मार्च 2026, गुना: गुना जिले में नरवाई प्रबंधन हेतु कृषक चौपाल का आयोजन – जिले में रबी फसलों की कटाई का कार्य जारी है।फसल कटाई उपरांत नरवाई जलाने पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा प्रतिबंध लगा रखा है। प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने वाले किसानों/हार्वेस्टर संचालकों पर कार्यवाही के आदेश जारी किए हैं । उप संचालक, कृषि जिला गुना द्वारा अपने मैदानी अमले को निर्देशित किया है कि नरवाई जलने की घटनाओं को रोकने के लिए समस्त मैदानी अमला क्षेत्र में भ्रमण कर कृषक चौपाल का आयोजन करें एवं किसानों को नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के संबंध में जागरूक करें।
कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा कृषक चौपाल लगाकर उपस्थित कृषकों को समझाइश दी जा रही है कि खेतों में नरवाई न जलाएं, नरवाई जलाने से न केवल मिट्टी की गुणवत्ता को नुकसान पहुंचता है, बल्कि लाभकारी जीव भी नष्ट हो जाते है, जिससे मिट्टी की उर्वरता कम हो जाती है एवं पर्यावरण प्रदूषण से मानव स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पडता है साथ ही नरवाई में आग लगाने से जान-माल की हानि की संभावना बनी रहती है। किसानों से आग्रह किया गया कि फसल अवशेषों को जलाने की बजाय आधुनिक कृषि यंत्रों की सहायता से मिट्टी में मिलाये, जिससे उत्पादन में सुधार होगा एवं वायु प्रदूषण की समस्या से भी बचाव होगा।
उप संचालक कृषि द्वारा कृषकों से अपील की गई है कि ट्रैक्टर चलित स्प्रेयर पंप एवं ट्रैक्टर चलित वाटर टैंकर (पंप सहित) में पानी भरकर तैयार रखें ताकि खेत में आग लगने की घटनाओं पर काबू पाया जा सके एवं किसी कारणवश नरवाई/ फसल अवशेष में आग लगने की स्थिति में खेत के चारों और जुताई करें जिससे पास के अन्य खेतों में आग न फैल सके I
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

