Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

धार कलेक्टर ने कपास की सघन घनत्व रोपण प्रणाली का किया निरीक्षण

08 सितंबर 2026, धार: धार कलेक्टर ने कपास की सघन घनत्व रोपण प्रणाली का किया निरीक्षण – कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने आज मनावर तहसील के ग्राम जगन्नाथपुरा में कृषक श्री दिनेश पिता नाथा जी के खेत पहुंचकर सघन घनत्व रोपण प्रणाली (High Density Planting System-एचडीपीएस) से लगाई गई कपास की फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फसल की वर्तमान स्थिति, पौधों की वृद्धि, फूल एवं बोंड की स्थिति तथा सघन घनत्व प्रणाली से किसानों को होने वाले संभावित लाभों की जानकारी ली।

कृषक श्री दिनेश को कृषि विभाग द्वारा सघन कपास मिशन के अंतर्गत Bio Seed 6001 किस्म का कपास बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया था। कृषक ने एक हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 7.5 किलोग्राम अर्थात 15 पैकेट बीज का उपयोग करते हुए 28 जून 2026 को सघन घनत्व रोपण प्रणाली के माध्यम से कपास की बोवनी की। फसल की स्थिति बेहतर, प्रत्येक पौधे में 35 से 40 फूल एवं बोंडे निरीक्षण के दौरान खेत में कपास की फसल की स्थिति अच्छी पाई गई। पौधों में अच्छी वृद्धि के साथ पर्याप्त संख्या में फूल एवं बोंडे लगे हुए हैं। कृषक ने बताया कि वर्तमान में प्रत्येक पौधे में लगभग 35 से 40 फूल एवं घेंटा लगे हैं। उन्होंने बताया कि सघन घनत्व प्रणाली अपनाने से उन्हें सामान्य पद्धति की तुलना में लगभग 30 से 35 प्रतिशत अधिक उत्पादन मिलने की उम्मीद है। कृषक के अनुसार एक एकड़ क्षेत्र में लगभग 16 क्विंटल कपास उत्पादन होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया Bio Seed 6001 बीज गुणवत्ता की दृष्टि से अच्छा रहा है तथा इससे फसल की स्थिति भी बेहतर बनी हुई है।

रस चूसक कीटों का प्रकोप कम होने से कीटनाशक एवं लागत में आई कमी  – कृषक श्री दिनेश ने बताया कि इस कपास फसल में रस चूसक कीटों का प्रकोप अन्य किस्मों की अपेक्षा कम रहा। इसके कारण फसल में कीटनाशकों के अपेक्षाकृत कम छिड़काव की आवश्यकता पड़ी, जिससे उनकी कृषि लागत में कमी आई है। उन्होंने सघन घनत्व रोपण प्रणाली को कपास उत्पादन के लिए उपयोगी बताते हुए इसे अन्य किसानों तक भी पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

अप्रैल माह में बीज उपलब्ध कराने का सुझाव – कृषक ने कलेक्टर श्री मीना को बताया कि यदि कपास बीज की व्यवस्था अप्रैल माह में ही कर दी जाए तो किसानों को समय पर तैयारी करने और निर्धारित समय पर बोवनी करने में अधिक सुविधा होगी। उन्होंने कृषि विभाग के माध्यम से बीज की उपलब्धता पहले सुनिश्चित किए जाने का सुझाव दिया, जिससे अधिक से अधिक किसान सघन घनत्व रोपण प्रणाली को अपना सकें।

किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने  पर जोर – कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने खेत का अवलोकन करते हुए कृषि अधिकारियों से सघन कपास मिशन के अंतर्गत किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी ली। उन्होंने फसल की स्थिति के संबंध में कृषक से सीधे चर्चा की और सघन घनत्व रोपण प्रणाली के परिणामों का जायजा लिया। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने तथा उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। सघन घनत्व रोपण प्रणाली का उद्देश्य सीमित क्षेत्र में पौधों की संख्या बढ़ाकर कपास की उत्पादकता में वृद्धि करना, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना तथा उत्पादन लागत को नियंत्रित करना है। जिले में इस प्रकार की आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने से किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। निरीक्षण के दौरान उप संचालक किसान कल्याण श्री विजय चौरासिया एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रमोद गुर्जर सहित संबंधित अधिकारी एवं कृषक उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture