डेयरी विकास से बदलेगी किसानों की तस्वीर, निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
झांसी में डेयरी कॉन्क्लेव आयोजित
190 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले
13 सितंबर 2026, झांसी: डेयरी विकास से बदलेगी किसानों की तस्वीर, निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर – उत्तर प्रदेश में उन्नत स्वदेशी गोवंश को बढ़ावा देने और डेयरी क्षेत्र में निवेश को गति देने के उद्देश्य से शुक्रवार को झांसी के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में ‘डेयरी कॉन्क्लेव-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ आयोजित किया गया। इसमें कानपुर, झांसी और चित्रकूट धाम मंडल के पशुपालक, दुग्ध उत्पादक, उद्यमी और निवेशक शामिल हुए। कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र को किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का माध्यम बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि झांसी, चित्रकूटधाम और कानपुर मंडल कृषि, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र की दृष्टि से अत्यधिक संभावनाशील हैं। इन क्षेत्रों को प्रदेश के प्रमुख डेयरी केंद्रों के रूप में विकसित किया जा सकता है। सरकार का लक्ष्य केवल दूध उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि दुग्ध प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, शीत श्रृंखला और डेयरी उद्योग की पूरी मूल्य श्रृंखला को मजबूत करना है। इससे पशुपालकों को बेहतर बाजार और उचित आय मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि इन तीनों मंडलों का डेयरी क्षेत्र उत्तर प्रदेश को एक लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। पशुपालकों, उद्यमियों और निवेशकों को विभागीय स्तर पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाला राज्य है। किसानों को सुनिश्चित बाजार, पारदर्शी मूल्य निर्धारण और स्थायी आय उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। नंद बाबा दुग्ध मिशन और दुग्ध नीति-2022 के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन तथा आधुनिक डेयरी विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत झांसी, चित्रकूटधाम और कानपुर मंडल में करीब 1200 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 11 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया जा चुका है। वहीं दुग्ध नीति के तहत विभिन्न परियोजनाओं के लिए 13.50 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी की गई है। इन तीनों मंडलों में डेयरी क्षेत्र के लिए 190 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें कानपुर मंडल के 171 करोड़, झांसी मंडल के 15 करोड़ और चित्रकूट धाम मंडल के 4 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल हैं।
कॉन्क्लेव में विभागीय स्टॉल के साथ पराग, बलिनी, सामर्थ्य, स्टेलर इंडिया, अप्रा डेयरी, नमस्ते इंडिया, भोले बाबा और इंडियन बैंक सहित विभिन्न संस्थाओं ने अपने दुग्ध उत्पाद, तकनीक और सेवाओं का प्रदर्शन किया। मंत्री ने स्वदेशी उन्नत गोवंश, समृद्ध निवेश और सुरक्षित भविष्य के संकल्प को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

