राज्य कृषि समाचार (State News)

नैनपुर में बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मंत्री संपतिया ने अधिकारियों संग खेतों का दौरा किया; 48 घंटे में मांगी रिपोर्ट  

03 अप्रैल 2026, भोपाल: नैनपुर में बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मंत्री संपतिया ने अधिकारियों संग खेतों का दौरा किया; 48 घंटे में मांगी रिपोर्ट – मध्यप्रदेश के मंडला जिले के विकासखंड नैनपुर के विभिन्न ग्रामों में बुधवार रात्रि में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने तत्काल संज्ञान लेते हुए गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। ग्राम धतूरा में पहुंचकर किसानों से संवाद किया तथा नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया।

मंत्री श्रीमती उइके ने खेतों में पहुंचकर किसानों से चर्चा की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। किसानों द्वारा बताया गया कि ओलावृष्टि के कारण फसल पूरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे उत्पादन एवं गुणवत्ता दोनों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। इस पर मंत्री श्रीमती उइके ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे किसानों की समस्याओं का बिंदुवार संज्ञान लेते हुए वास्तविक नुकसान का आकलन सुनिश्चित करें।

 मंत्री के निर्देशानुसार राजस्व, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फसलों का सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसानों को राहत प्रदान करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा शासन स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

मंत्री श्रीमती उइके ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित ग्रामों में शीघ्र ही किसान चौपाल का आयोजन किया जाए , जिसमें वे स्वयं उपस्थित रहकर किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगी। इस पहल का उद्देश्य किसानों को सीधे संवाद का मंच उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति कृष्णा पंजवानी, जिला पंचायत सदस्य श्री जोरावर सिंह, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर श्री आशुतोष महादेव ठाकुर, तहसीलदार श्री हरी सिंह धुर्वे सहित राजस्व विभाग के अधिकारी,स्थानीय जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे। 

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements