राज्य कृषि समाचार (State News)

कीट व्याधि एवं पाले के प्रकोप नियंत्रण हेतु समसामयिक सलाह

21 जनवरी 2025, झाबुआ: कीट व्याधि एवं पाले के प्रकोप नियंत्रण हेतु समसामयिक सलाह – कलेक्टर नेहा मीना के सतत मार्गदर्शन में रबी मौसम में 2024-25 अंतर्गत फसलों की स्थिति का जायजा लेने हेतु जिला स्तरीय दल उप संचालक, कृषि जिला झाबुआ श्री एन.एस. रावत के साथ कृषि विज्ञान केन्द्र झाबुआ के वैज्ञानिक डॉ. वी. के. सिंह एवं संबंधित विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री ज्वाला सिंगार एवं संबंधित क्षेत्र कृषि विस्तार अधिकारी श्री मुकेश निनामा, श्री रूपचन्द डामोर एवं श्री भंवर सिंह हठिला के द्वारा जिले के रामा विकासखंड के ग्राम रोटला, बोचका, गोलाबड़ी, कोकावद, नवापाड़ा एवं गोमला क्षेत्र में रबी फसल चना, गेहूं, मक्का एवं स्ट्रॉबेरी फसलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चना फसल में आंशिक रूप से चने की इल्ली का प्रकोप देखा गया। वर्तमान में आंशिक रूप से शीतलहर का असर भी दिखाई दे रहा है। रात का पारा लगातार गिर रहा है, यदि पारा चार डिग्री से नीचे जाता है तो शीतलहर व पाले की संभावना बनती है। साथ ही शाम को आसमान साफ हो, हवा बंद हो, तापमान कम हो तो सुबह पाला पड़ने की सम्भावना होती है। पाला पडने से रबी सीजन की फसलों में 20 से 70 फीसदी तक का नुकसान हो सकता है अतः इस समय रबी सीजन की फसल को सुरक्षा की दरकार है। पाले से फसल को बचाने के लिए किसानों को उचित उपचार करना चाहिए।

चने की इल्ली की रोकथाम हेतु रासायनिक उपाय – प्रोफेनोफॉस 50 ई.सी. 1250 मि.ली. का 500 लिटर पानी में घोल बनाकर प्रति हेक्टेयर छिड़काव करें। पाले का फसल पर असरः- पाले के प्रभाव से फल और फूल झड़ने लगते है प्रभावित फसल का हरा रंग समाप्त हो जाता है। पत्तियों का रंग मिट्टी के रंग जैसा दिखता है। ऐसे में पौधों के पत्ते सडने से बैक्टीरिया जनित बीमारियों का प्रकोप अधिक बढ़ जाता है। पत्ती, फूल एवं फल सूख जाते है। फल के ऊपर धब्बे पड़ जाते हैं और स्वाद भी खराब हो जाता है। पाले से फल और सब्जियों में कीटों का प्रकोप भी बढ़ जाता है। सब्जियों पर पाले का प्रभाव अधिक होता है। कभी-कभी शत प्रतिशत सब्जी की फसल नष्ट हो जाती है। शीत ऋतु वाले पौधे 2 डिग्री सेंटीग्रेड तक का तापमान सहने में सक्षम होते है। इससे कम तापमान होने पर पौधे की बाहर व अन्दर की कोशिकाओं में बर्फ जम जाती है।

पाले से फसल को बचाने के  दीर्घकालीन उपाय – फसलों को बचाने के लिए खेत की उत्तरी-पश्चिमी मेड़ों पर और बीच-बीच में उचित स्थान पर वायु अवरोधक पेड़ जैसे शहतूत, शीशम, बबूल, खेजड़ी, एवं जामुन आदि के पेड़ लगायें।

सुरक्षात्मक उपाय –   जिस रात पाला पड़ने  की संभावना हो तब खेत में सिंचाई करनी चाहिए। नमी युक्त जमीन में काफी देर तक गर्मी रहती है और भूमि का तापमान कम नहीं होता है, 0-5 से 2-0 डिग्री तक तापमान बढ़ जाता है। पौधों को पुआल या पॉलीथीन शीट से ढँक दें ध्यान रहे पौधों का दक्षिण-पूर्वी भाग खुला रहे। सर्वप्रथम हल्की सिंचाई करें तथा रात 10 बजे के पश्चात खेत के उत्तर एवं पश्चिम दिशा की मेड़ों पर धुआं करे।

Advertisement
Advertisement

जैविक उपचार –  जैविक नियंत्रण के लिए 500 मिली. ताजा गोमूत्र अथवा 500 मिली. गाय के दूध को प्रति पम्प (15 लीटर पानी) की दर से घोल बनाकर पाले से पूर्व फसल पर छिड़काव करे। पाले से बचाव हेतु ग्लूकोज का उपयोग अत्यंत प्रभावी उपाय है। खडी फसल पर 25 ग्राम ग्लूकोज प्रति पम्प की दर से छिड़काव करें। यदि फसल पाले की चपेट में आ गई हो तो तुरंत 25 से 30 ग्राम ग्लूकोज प्रति पम्प (15 लीटर पानी) की दर से प्रभावित फसल पर छिड़काव कर दें।

Advertisement
Advertisement

रासायनिक उपाय –  सल्फर डस्ट 08 से 10 किग्रा. प्रति एकड़ की दर से खेत में भुरकाव करे। थायो यूरिया 15 ग्राम प्रति पम्प (15 लीटर पानी) अथवा 150 ग्राम 150 लीटर पानी के साथ प्रति एकड़ की दर से खड़ी फसल पर छिड़काव करे। म्यूरेट आफ पोटाश 150 ग्राम प्रति पंप (15 लीटर पानी) अथवा 1-5 किग्रा प्रति एकड़ की दर से 150 लीटर पानी के साथ छिड़काव करें। सल्फ्यूरिक अम्ल 15 मिली प्रति पंप (15 लीटर पानी) अथवा 150 मिली. को 150 लीटर पानी में सावधानी पूर्वक घोल बनाकर खड़ी फसल पर छिड़काव करें। पाले से बचाव हेतु ग्लूकोज का उपयोग अत्यंत प्रभावी उपाय है। खडी फसल पर 25 ग्राम ग्लूकोज प्रति पम्प की दर से छिड़काव करें। यदि फसल पाले की चपेट में आ गई हो तो तुरंत 25 से 30 ग्राम ग्लूकोज प्रति पम्प (15 लीटर पानी) की दर से प्रभावित फसल पर छिड़काव कर दें। एन पी के (18:18:18 अथवा 19:19:19 अथवा 20:20:20) 100 ग्राम 25 ग्राम एग्रोमिन प्रति पम्प की दर से पाले से प्रभावित फसल पर छिड़काव करके उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। उपरोक्त रासायनिक उपायों में से किसी एक उपाय का प्रयोग करें। किसान नजदीकी कृषि कार्यालय अथवा मैदानी कृषि अमले से सम्पर्क कर उचित सलाह लें। कृषि विज्ञान केन्द्र से भी सम्पर्क कर उचित सलाह लें।

Advertisements
Advertisement
Advertisement

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.krishakjagat.org/kj_epaper/

कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें:

www.en.krishakjagat.org

Advertisement
Advertisement
Advertisements
Advertisement
Advertisement