जालोर में जलवायु मित्र अभियान शुरू: मिट्टी सुधार और जैविक खेती के लिए किसानों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
08 अप्रैल 2026, जालोर: जालोर में जलवायु मित्र अभियान शुरू: मिट्टी सुधार और जैविक खेती के लिए किसानों को दिया जाएगा प्रशिक्षण – राजस्थान सरकार द्वारा जलवायु परिवर्तन के इस दौर में मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और रसायनों पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से ’आपणो खेत-आपणी खाद’ अभियान का आगाज किया गया है। यह विशेष अभियान दिनांक 6 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक पूरे खण्ड में संचालित किया जाएगा।
कृषि (विस्तार),खण्ड जालोर के अतिरिक्त निदेशक राम लाल जाट ने बताया कि ’आपणो खेत-आपणी खाद’ के तहत किसानों को रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर देशी खाद (कम्पोस्ट, वर्मी कम्पोस्ट), हरी खाद और जैव उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। वही मिट्टी के गुणों में सुधार हेतु ढैंचा, ग्वार एवं चंवला जैसी हरी खाद वाली फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए लघु एवं सीमांत तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के किसानों को बीज किट वितरित भी किए जाएँगे। इसी प्रकार डीएपी और यूरिया के विकल्प के रूप में एसएसपी और एनपीके उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी जाएगी जिनसे मिट्टी को सल्फर और कैल्शियम जैसे आवश्यक तत्व भी प्राप्त होते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर कृषक गोष्ठियों, रात्रि चौपालों और प्रभात फेरियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक, कृषि सखी, नमो ड्रोन दीदी और प्रगतिशील किसान अपनी सफलता की कहानियाँ साझा करेंगे। किसानों को खेत पर ही बीजामृत, जीवामृत, घनजीवामृत और पंचगव्य तैयार करने की विधियों का प्रायोगिक प्रदर्शन भी दिखाया जाएगा। उन्होंने समस्त क्षेत्र के किसानों से अपील की हैं कि वे अपने खेत की मिट्टी की जाँच कराएँ और सॉयल हेल्थ कार्ड की सिफारिशों के अनुसार ही संतुलित खाद का उपयोग करें ताकि उत्पादन की गुणवत्ता के साथ-साथ धरती माता के स्वास्थ्य को भी सुरक्षित रखा जा सकें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

